मुंबई में पिछले 24 घंटे से जमकर बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल हालात ऐसे ही रह सकते हैं। रविवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

मुंबई. मुंबई में बारिश के कारण जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने रविवार को भी मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने कहा कि वह बारिश से निपटने को तैयार हैं और आस-पास के लोगों को सतर्क रहने को कहा है। भारी बारिश के कारण शनिवार को 11 उड़ानों को रद्द करना पड़ा था। पिछले 24 घंटों से मुंबई में जमकर बारिश हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार को भी मुंबई और आसपास के इलाकों में तकरीबन 200 एमएम बारिश हो सकती है। ठाणे, पालघर जैसे इलाकों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गुरुवार से जारी बारिश शुक्रवार की रात से तेज हो गई है, जिसके कारण शुक्रवार और शनिवार को लोकल और हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। वहीं सड़कों पर जलजमाव होने के कारण भी लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred


फिलहाल राहत नहीं 

मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के दबाव के क्षेत्र और बेहतर मानसून करंट के चलते भारी बारिश हो रही है। यह आगे भी जारी रहेगी। इस बार मानसून देरी से मुंबई पहुंचा था लेकिन सिस्टम ऐक्टिव होने के कारण अभी तक काफी अच्छी बारिश हो चुकी है। ऐसा ही रहा तो सामान्य से अधिक बारिश देखने को मिल सकती है। अभी मानसून आए एक ही महीना हुआ है लेकिन सीजन की 70 प्रतिशत बारिश दर्ज हो चुकी है। 


रेस्क्यू की गयी महालक्ष्मी एक्सप्रेस 

भारी बारिश के कारण कोल्हापुर जाने वाली महालक्ष्मी एक्सप्रेस ठाणे जिले में वंगानी के पास में फंस गई थी। इसमें 1,050 यात्री सवार थे। यात्रियों को बचाने के लिए एनडीआरएफ, नौसेना, वायुसेना और सेना समेत विभिन्न राहत एजेंसियों ने लगभग 17 घंटे तक राहत बचाव कार्य चलाया। सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।