गूगल मैप (Google map) देखकर कार ड्राइव करते समय हुई गलती से केरल में दो डॉक्टरों की मौत हो गई। उनकी कार नदी में गिर गई थी। ड्राइवर ने नदी को पानी भरा सड़क समझ लिया था।

कोच्चि। गूगल मैप (Google map) हमें रास्ता दिखाता है, लेकिन कई बार तकनीक पर अधिक निर्भर होना जान पर भारी पड़ता है। केरल के दो डॉक्टरों के साथ ऐसा ही हुआ। गूगल मैप के चक्कर में उनकी जान चली गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दोनों डॉक्टर की मौत कार के नदी में डूबने से हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात केरल के कोच्चि में पेरियार नदी में उनकी कार गिर गई थी। इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

भारी बारिश के चलते नहीं दिखा रास्ता

मृतकों की पहचान 29 साल के अद्वैत और 29 साल के अजमल के रूप में हुई है। दोनों कोच्चि के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करते थे। वे कोडुन्गल्लुर से लौट रहे थे। इस दौरान भारी बारिश हो रही थी। रास्ता न भटकें इसके लिए वे गूगल मैप इस्तेमाल कर रहे थे। इसी दौरान कार ड्राइव कर रहे व्यक्ति ने नदी को पानी भरा सड़क समझ लिया। उसने कार को आगे बढ़ा दिया, जिससे कार नदी में गिर गई और डूबने लगी। अद्वैत और अजमल वक्त रहते कार से बाहर नहीं आ सके। तीन लोग बाहर आने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई।

तीन लोगों की बचाई गई जान

हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान चलाने के लिए पुलिस और अग्निशमन सेवा के कर्मियों को सूचना दी गई। अधिकारियों ने शवों को निकालने के लिए स्कूबा डाइविंग टीम को भी मौके पर भेजा। अग्निशमन सेवा के कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से कार से बाहर आए तीन लोगों की जान बचा ली गई।

पुलिस ने बताया कि भारी बारिश के चलते विजिबिलिटी बहुत कम थी। वे गूगल मैप द्वारा दिखाए गए रास्ते पर कार ड्राइव कर रहे थे, लेकिन ऐसा लगता है कि मैप द्वारा सुझाए गए अनुसार बाएं मुड़ने के बजाय, वे गलती से आगे बढ़ गए और नदी में गिर गए।