कर्नाटक के हुबली में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने के चलते हिंसा (Karnataka Violence) हुई। आधी रात को उग्र भीड़ ने पुलिस थाना पर पथराव किया, जिससे 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया है।

हुबली। कर्नाटक के धारवाड़ जिले के हुबली में सोशल मीडिया पर किए गए विवादित पोस्ट के चलते हिंसा हुई। उग्र भीड़ ने पुराने हुबली पुलिस थाने पर शनिवार की रात पथराव कर दिया, जिससे 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में एक इंस्पेक्टर भी शामिल हैं। पुलिस ने 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूरे हुबली शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। हिंसा के बाद शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। भीड़ ने कुछ पुलिस वाहनों में भी तोड़फोड़ की। हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त लाभ राम ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ छह मामले दर्ज किए गए हैं। स्थिति अब नियंत्रण में है।

आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले को पुलिस ने किया था गिरफ्तार 
लाभ राम ने कहा कि एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर एक समुदाय को निशाना बनाते हुए आपत्तिजनक पोस्ट साझा किया था, जिस पर अन्य लोगों ने आपत्ति जताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शनिवार आधी रात को बड़ी संख्या में लोग पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हो गए और हंगामा करने लगे। हमने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सभी निवारक उपाय किए हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव मामले में 14 गिरफ्तार, फुटेज से हो रही पहचान

राज्य के गृह मंत्री अरागा ज्ञानेंद्र ने कहा कि हमला पूर्व नियोजित हो सकता है। भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाले की गिरफ्तारी के बाद करीब एक हजार लोग थाने पर हमला करने के लिए जमा हो गए। एक पुलिस अधिकारी की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में शामिल कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कर्नाटक के मंत्री डॉ. सीएन अश्वत्नारायण ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। नागरिकों और पुलिस पर हमला असहनीय है। हम इस घटना की निंदा करते हैं।

यह भी पढ़ें- जहांगीरपुरी हिंसा: 50 मिनट के बवाल में जमकर चले पत्थर, तलवार का प्रदर्शन, गोलियों की आवाज से थर्राए लोग