केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि फर्जी जनसमर्थन पाने के लिए कांग्रेस ने मेरा फर्जी वीडियो फैलाया है। मुख्यमंत्री स्तर के लोगों ने भी इसे फैलाया। इससे उनकी हताशा और निराशा दिख रही है। 

गुवाहाटी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को असम में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस दौरान उन्होंने आरक्षण खत्म करने को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाए गए वीडियो का जिक्र किया। दरअसल, अमित का एक छेड़छाड़ किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फर्जी वीडियो में दिखाया गया है कि अमित शाह बोल रहे हैं हमारी सरकार बनी तो एससी, एसटी और ओबीसी को मिला आरक्षण खत्म कर देंगे। दरअसल, असली भाषण में अमित शाह ने धर्म के आधार पर मुसलमानों को दिए गए आरक्षण का जिक्र किया था। उन्होंने इसे संविधान के खिलाफ बताया था और कहा था कि हमारी सरकार बनी तो धर्म के आधार पर दिए गए आरक्षण को समाप्त करेंगे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Scroll to load tweet…

अमित शाह ने कहा, "अभी तक सात चरणों में से दो चरण के चुनाव हुए हैं। हमारे आंतरिक आकलन के अनुसार हम 100 से आगे निकल चुके हैं। हम 400 पार के लक्ष्य के आगे निकल रहे हैं। असम, बंगाल, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड में हम बहुत अच्छा कर रहे हैं। कर्नाटक, तमिलनाडु और केरल में मतदान हुआ है। दक्षिण भारत में भी भाजपा को बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। हम 400 पार के लक्ष्य को निश्चित रूप से सिद्ध करेंगे।"

खत्म नहीं होगा आरक्षण

अमित शाह ने कहा, "कुछ दिनों से कांग्रेस ने हमारे 400 पार के लक्ष्य को ट्विस्ट करना शुरू किया है। वे प्रचार कर रहे हैं कि यह लक्ष्य संविधान बदलने के लिए है। कह रहे हैं कि भाजपा की सरकार आई तो आरक्षण खत्म कर देगी। ये दोनों चीजें निराधार और तथ्यहीन है। भाजपा को 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत मिला। हम दस साल से पूर्ण बहुमत से सरकार चला रहे हैं। हमने पूर्ण बहुमत का इस्तेमाल कांग्रेस की तरह इमरजेंसी लागू कर लोकतंत्र का गला घोंटने में नहीं किया। इसका इस्तेमाल तीन तलाक और धारा 370 खत्म करने में किया।"

उन्होंने कहा, "कांग्रेस जनता में भ्रांति पैदा करना चाहती है। भाजपा एससी, एसटी और ओबीसी को आरक्षण की समर्थक है। यह बात पीएम नरेंद्र मोदी ने कई बार कही है। एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण पर कांग्रेस ने ढांका डाला है। जब संयुक्त आंध्र प्रदेश था तब कांग्रेस ने मुसलमानों को आरक्षण देकर ओबीसी का कोटा कम किया। कांग्रेस ने कर्नाटक में रातों रात मुसलमानों को ओबीसी कैटेगरी में डाला और उनके लिए 4 फीसदी आरक्षण तय कर दिया। इससे ओबीसी कोटा में पहले से मौजूद पिछड़े वर्ग का आरक्षण कम हुआ है। भाजपा का मानना है कि धर्म के आधार पर आरक्षण संविधान के अनुसार नहीं है। जब भी इन राज्यों में हमारी सरकार होगी, इस धर्म के आधार पर दिए गए आरक्षण को खत्म करेंगे।"

यह भी पढ़ें- रेवन्ना वीडियो मामला: अमित शाह ने प्रियंका गांधी से पूछा- क्यों कार्रवाई नहीं कर रही आपकी सरकार?

कांग्रेस ने मेरा फेक वीडियो फैलाया

अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस ने मेरा फेक वीडियो फैलाया। मुख्यमंत्री पद पर मौजूद लोगों ने भी वीडियो को सोशल मीडिया पर फैलाया। यह बहुत निंदनीय है। मैंने जो बोला उसका भी रिकॉर्डिंग था। ये उनकी उनकी हताशा और निराशा को दिखाता है। कांग्रेस राजनीति के स्तर को नीचे ले जा रही है। वह फर्जी जनसमर्थन पाने के लिए फर्जी वीडियो फैला रही है।"