बेंगलुरु में एक आदमी ने पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में छुपा दिया और पुणे भाग गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण पारिवारिक झगड़ा बताया जा रहा है।

Bengaluru Horror: बेंगलुरु पुलिस ने एक ऐसे आदमी को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी पत्नी की हत्या की और शव को सूटकेस में ठूंस दिया। वह हत्याकांड को अंजाम देकर पुणे भाग गया था। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र के राकेश के रूप में हुई है। बेंगलुरु पुलिस ने उसे CDR (Call Detail Records) को ट्रैक कर पकड़ा। आरोपी को पहले पुणे पुलिस ने हिरासत में लिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राकेश ने पत्नी की हत्या के बाद उसके परिवार के लोगों को फोन कर बताया कि उसने फांसी लगा ली है। मृतका की पहचान 32 साल की गौरी अनिल साम्बेकर के रूप में हुई है। वह मास मीडिया एंड कम्युनिकेशन बैकग्राउंड से थी। वह बेरोजगार थी और घर में रह रही थी। वहीं, राकेश हिटाची कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर काम करता था। महिला भी महाराष्ट्र की थी। दोनों पिछले दो महीने से हुलीमावु थाना क्षेत्र के डोड्डाकन्नहल्ली में रह रहे थे।

राकेश और गौरी के बीच अक्सर होता था झगड़ा

पुलिस सूत्रों के अनुसार राकेश और गौरी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। ऐसी खबरें भी थीं कि झगड़े के दौरान गौरी ने राकेश के साथ मारपीट भी की थी। 26 मार्च को झगड़े के दौरान राकेश ने गौरी के पेट में चाकू मार दिया और गला काट दिया। उसने शव को सूटकेस में भर दिया और उसे बाथरूम में रखकर भाग निकला।

पुलिस को मिली फांसी की खबर, बाथरूम में था सूटकेस

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) सारा फातिमा ने बताया कि पुलिस को लगभग 5:30 बजे एक संदिग्ध फांसी के मामले की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, "जब हमारे हुलीमावु पुलिस इंस्पेक्टर घर पहुंचे तो घर बंद था। अंदर घुसने के बाद उन्हें बाथरूम में एक सूटकेस मिला। तभी हमें एहसास हुआ कि यह अपराध है। FSL टीम ने सूटकेस खोला और उसमें एक महिला का शव मिला, जिस पर चोट के निशान थे।"

सारा फातिमा ने बताया कि हमने राकेश की तलाश की, लेकिन वह फरार था। जांच के दौरान CDR की मदद से हमने उसका लोकेशन ट्रैक किया और पुणे पुलिस को अलर्ट किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। शव को टुकड़े में नहीं काटा गया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद इस मामले में और जानकारी मिलेगी।