अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू अतिथि गृह से हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन किए और निषाद समाज के लोगों के साथ दिवाली मनाई। वहीं, दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनाथ बच्चों के साथ दिवाली का पर्व मनाकर उन्हें उपहार भेंट किए।

सहरसा में बुजुर्ग की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया

सहरसा के पतरघट में परिवार में जलावन रखने को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद एक बुजुर्ग की मौत संदिग्ध स्थिति में हो गई। मृतक के बेटे ने डायल 112 की पुलिस टीम पर आरोप लगाया कि उन्होंने उनके पिता को धक्का-मुक्की और पिटाई कर मार डाला।

सीएम योगी निषाद-वाल्मिकी समाज के साथ मनाएंगे दिवाली

दीपोत्सव के अगले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सीधे सरयू अतिथि गृह से हनुमानगढ़ी दर्शन के लिए पहुंचे। हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद उन्होंने रामलला के भी दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने वाल्मिकी समाज के लोगों से मिलकर उनके साथ दिवाली का उत्सव मनाया। इसके बाद मुख्यमंत्री कंधरपुर स्थित निषाद बस्ती पहुंचे, जहां उन्होंने निषाद समाज के लोगों से मुलाकात की और बच्चों व परिवारों को उपहार वितरित किए।

दिल्ली में आज से मौसम का बड़ा बदलाव, दिन में गर्मी और आसमान में छाएगी स्मॉग की चादर

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में धीरे-धीरे ठंड का असर महसूस होने लगा है। सुबह और शाम को ठंडी हवाओं और नमी की वजह से हल्की ठिठुरन होती है, जबकि दिन में सूरज की गर्मी लोगों को पसीना दिला रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 अक्टूबर से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पिछले चार-पांच दिनों से हवा धीमी चल रही है, जिसके कारण दोपहर में गर्मी और प्रदूषण बढ़ रहा है। फिलहाल हवा की गति बढ़ने की संभावना नहीं है।

बदरी-केदार में दीपोत्सव का आयोजन, गेंदे और गुलाब के फूलों से सजाया गया धाम

बदरी-केदार में सोमवार को दीपावली मनाई जाएगी। इसके लिए बदरीनाथ मंदिर और आसपास के इलाके को खूबसूरत फूलों से सजाया गया है। मंदिर को खासतौर पर गेंदे के फूलों से सजाया गया है, जबकि गुलाब और अन्य रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक आकृतियां बनाई गई हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अनाथालय में बच्चों के साथ मनाई दिवाली, बांटे खास उपहार

दीपावली से पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तीस हजारी स्थित डीएमआरसी अनाथालय पहुंचीं और वहां के अनाथ बच्चों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया। उन्होंने बच्चों को उपहार दिए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, जीवन और भविष्य के सपनों के बारे में बात की। बच्चों से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने कहा कि दीपावली सिर्फ मिट्टी के दीये जलाने का पर्व नहीं है, बल्कि यह दिलों में स्नेह और उम्मीद की रोशनी फैलाने का त्योहार है।