गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया (Gangster Tillu Tajpuriya) के करीबी सोनू के 25 साल के भाई बंटी ने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह टिल्लू की हत्या से सदमे में था।

नई दिल्ली। गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया (Gangster Tillu Tajpuriya) के तिहाड़ जेल में मारे जाने के कुछ दिनों बाद उसके एक सहयोगी के भाई ने आत्महत्या कर ली है। घटना गुरुवार देर रात की है। शुक्रवार को पुलिस ने इस संबंध में सूचना दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मृतक की पहचान 25 साल के बंटी के रूप में हुई है। उसे दिल्ली के SRHC अस्पताल में मृत घोषित किया गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बंटी का बड़ा भाई सोनू छह साल से जेल में बंद है। वह टिल्लू ताजपुरिया का करीबी है। दिल्ली पुलिस को बंटी की मौत की खबर गुरुवार रात 12:50 बजे मिली। टिल्लू की हत्या के बाद से गोलू काफी परेशान था।

दिल्ली पुलिस ने कहा कि हर एंगल से इस मामले की जांच की जा रही है। मृतक अपने परिवार के साथ तीन मंजिला घर में रहता था। उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। परिवार के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी, जब वे पहुंचे तो देखा कि बंटी खून से लथपथ पड़ा है।

परिजनों से 2-3 मिनट बात की फिर अपने रूम में जाकर मार ली गोली
गुरुवार को बंटी घर आया था तो परिजनों के साथ करीब 2-3 मिनट तक बात की। इसके बाद वह दूसरे फ्लोर पर स्थित अपने रूम में चला गया। थोड़ी देर बाद ही परिवार के लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनी। वे रूम में पहुंचे तो देखा कि बंटी फर्श पर गिरा हुआ है। परिजन उसे आनन-फानन में SRHC हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बंटी ने अपने सिर में गोली मारी थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बंटी के रूम में पहुंची। यहां से 9mm पिस्टल का खाली कारतूस पुलिस को मिला। इसके साथ ही मौके से एक जिंदा गोली भी मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। वह खेती का काम करता था। बंटी का बड़ा भाई 31 साल का अमित ऊर्फ दबंग ऊर्फ सोनू पिछले छह साल से जेल में बंद है। टिल्लू के साथ काम करता है। बंटी का एक और बड़ा भाई 27 साल का मोनू इसी साल जनवरी में जेल से बाहर आया है।