राहुल गांधी ने राजनाथ सिंह को गुलाब और तिरंगा देकर संसद चलाने की अपील की। कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार अडानी मामले पर चर्चा से बचने के लिए संसद स्थगित कर रही है।

नई दिल्ली। अडानी रिश्वतखोरी मामले (Adani bribery case) पर चर्चा की मांग कर रही कांग्रेस संसद में लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित होने पर कांग्रेस सांसद संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हैं। इसके लिए हर दिन नया तरीका अपनाया जा रहा है। बुधवार को कांग्रेस सांसदों ने भाजपा सांसदों को गुलाब का फूल और तिरंगा झंडा दिया। इससे पहले कांग्रेसी सांसदों ने गौतम अडानी और नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाला जैकेट, मास्क और बैग लेकर विरोध प्रदर्शन किया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को गुलाब का फूल और तिरंगा झंडा देते नजर आए। कांग्रेस ने इससे जुड़ा वीडियो X पर शेयर किया है। इसमें देखा जा सकता है कि राजनाथ सिंह जैसे ही अपनी कार से उतरकर आगे बढ़ते हैं गुलाब का फूल और तिरंगा झंडा लिए एक सांसद उनकी ओर बढ़ते हैं। राजनाथ सिंह यह देखकर सांसद के कंधे पर हाथ रखते हैं। वह जैसे ही आगे बढ़ते हैं राहुल गांधी और कुछ अन्य सांसद उनकी ओर बढ़ते हैं। राहुल गांधी रक्षा मंत्री को गुलाब का फूल और तिरंगा झंडा देने की कोशिश करते हैं।

Scroll to load tweet…

कांग्रेस ने कहा- अडानी को बचाने के लिए सदन स्थगित करा रही मोदी सरकार

कांग्रेस ने वीडियो शेयर करने के साथ X पर लिखा, "नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा नेता राजनाथ सिंह को तिरंगा और गुलाब देकर संसद चलने देने की अपील की। मोदी सरकार अडानी को बचाने के लिए सदन को लगातार स्थगित करवा रही है, जिससे देश के कई जरूरी मुद्दों पर भी चर्चा नहीं हो पा रही है। इसलिए आज कांग्रेस के सांसदों ने भाजपा के सांसदों को तिरंगा और गुलाब देकर संसद की गरिमा को बनाए रखने और संसद को चलने देने का निवेदन किया।"

बता दें कि 20 नवंबर को संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से दोनों सदनों में कामकाज लगातार बाधित रहा है। कांग्रेस की मांग है कि अडानी मामले पर चर्चा कराई जाए। दूसरी ओर भाजपा ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और कांग्रेस के संबंध जॉर्ज सोरोस के फाउंडेशन से पैसे लेने वाले एक संगठन से हैं। इस संगठन ने कश्मीर को भारत से अलग करने के विचार का समर्थन किया था।

यह भी पढ़ें- Video: राहुल ने सांसद से कहा- बहाने न बनाओ टाइम पर आना है, जवाब मिला- आप लेट आए