गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को चुनाव प्रचार करने झारखंड पहुंचे। यहां के लातेहर में उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उठाया। अमित शाह ने पूछा, राम मंदिर बनना चाहिए या नहीं बनना चाहिए? उन्होंने कहा कि देश का हर व्यक्ति अयोध्या में राम मंदिर देखना चाहता है।

रांची. गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को चुनाव प्रचार करने झारखंड पहुंचे। यहां के लातेहर में उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उठाया। अमित शाह ने पूछा, राम मंदिर बनना चाहिए या नहीं बनना चाहिए? उन्होंने कहा कि देश का हर व्यक्ति अयोध्या में राम मंदिर देखना चाहता है। लेकिन कांग्रेस पार्टी केस नहीं चलने देती थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अमित शाह ने अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा, देश के सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला करके सर्वसम्मति से ये निर्णय किया है कि अयोध्या में जहां श्रीराम का जन्म हुआ था, वहीं भव्य मंदिर बने। 

'हम चाहते थे संवैधानिक रूप से हल हो मुद्दा' 
गृह मंत्री ने कहा, ''इतने सालों से ये फैसला नहीं हो रहा था, हम भी चाहते थे कि संवैधानिक रूप से इस विवाद का रास्ता निकले और देखिए श्री राम की कृपा सुप्रीम कोर्ट ने निर्णय कर दिया और उनके निर्णय से उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर बनने का रास्ता खुल गया है।'' 

आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है- शाह 
अमित शाह ने कहा, ''आपका एक वोट ये तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी। आप ये मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं, मेरा आप सबसे कहना हैं कि आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है, झारखंड को आगे बढ़ाने वाला है। 

उन्होंने कहा, ''सन् 1857 की क्रांति में अंग्रजों के खिलाफ जब पूरा देश लड़ रहा था तब सबसे बड़ी लड़ाई पलामू के लोगों ने लड़ी थी, यहां की जन-जातियों ने खुलकर हिस्सा लिया और क्रांति की मशाल को जलाए रखा।''

झारखंड में पांच चरणों में होना है चुनाव
झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए 30 नवंबर से पांच चरणों में मतदान होना है। 23 दिसंबर को मतगणना होगी। 81 विधानसभा सीटों के लिए मतदान का पहला चरण 30 नवंबर को, दूसरा चरण 6 दिसंबर को, तीसरा चरण 12 दिसंबर को, चौथा चरण 16 दिसंबर को और अंतिम चरण 20 दिसंबर को होगा।