03:37 PM (IST) Jan 03
महाराष्ट्र में बंद हो सकते हैं स्कूल, बढ़ सकते हैं प्रतिबंध

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने कल कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। पुणे में होने वाली इस बैठक में स्कूल बंद करने समेत अन्य प्रतिबंधों पर फैसला लिया जा सकता है। पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने यह जानकारी दी। 

02:37 PM (IST) Jan 03
गोवा में नए साल के जश्न के बाद बढ़ा पॉजिटिविटी रेट

गोवा में नए साल के जश्न के बाद कोविड (Covid 19) पॉजिटिविटी रेट बढ़ा है। यहां रविवार को 10.7 फीसदी पॉजिटिविटी रेट दर्ज किया गया। उधर, लोगों का कहना है कि यह बताता है कि एलीट क्लास किस तरह से बेफिक्र है। उनके कारण ही कोरोनावायरस की रफ्तार बढ़ रही है।

01:59 PM (IST) Jan 03
दिल्ली : पिछले दो दिनों में 84 फीसदी मामले ओमीक्रोन के

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया कि जब से ओमिक्रोन आया है तब से दिल्ली में 10-15 दिनों में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। उनके मुताबिक लोगों में बहुत मामूली लक्षण हैं। मामले बढ़ रहे हैं लेकिन लोग गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़ रहे हैं। पिछले 2 दिन में 84% मामले ओमीक्रोन के आए हैं।

01:14 PM (IST) Jan 03
पुणे के 40 सेंटरों पर हो रहा बच्चों का वैक्सीनेशन



देश में सोमवार से 15 से 18 उम्र वाले किशोरों का वैक्सीनेशन शुरू हुआ है। इन्हें कोवैक्सीन की डोज दी जा रही है। देशभर के वैक्सीन सेंटरों पर पहले टीके के लिए बच्चों में उत्साह दिखा। पुणे के एक वैक्सीन सेंटर पर जबरदस्त उत्साह रहा। यहां रंगोली बनाकर वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की गई। यहां 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 2.5 लाख बच्चों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू हुआ है। 40 सेंटरों पर वैक्सीनेशन शुरू हुआ। पुणे के दलवी अस्पताल में पहुुंचे मेयर मुरलीधर मोहोल ने कहा कि हम जल्द से जल्द ढाई लाख बच्चों का टीकाकरण करने का प्रयास करेंगे। 

12:15 PM (IST) Jan 03
मध्यप्रदेश में कोविड के 281 नए मामले

मध्य प्रदेश के CM शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में 15-18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू कराया। उन्होंने कहा कि आज मध्य प्रदेश में कोविड के 281 मामले आए हैं। कोविड की तीसरी लहर आ रही है, हमें इसका सामना करना है। सभी बच्चों से अपील है कि वैक्सीन जरूरत लगवाएं।

12:06 PM (IST) Jan 03
एक हफ्ते में सभी बच्चों को लगेगी वैक्सीन : पुष्कर सिंह धामी

उत्तरखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 15-18 साल के बीच आने वाले सभी बच्चों को हम अगले एक सप्ताह के अंदर कोविड वैक्सीन की डोज लगा देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी तैयारियां पूरी हैं। हम बूस्टर डोज लगाने के लिए भी तैयार हैं।

11:41 AM (IST) Jan 03
मुंबई में पोर्टल डाउन, 9 सेंटरों पर रुका बच्चों का वैक्सीनेशन

मुंबई में पोर्टल डाउन होने के कारण 9 सेंटरों पर वैक्सीनेशन रुक गया। यहां आज से बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू किया गया है। इन सभी 9 सेंटरों पर फिलहाल वैक्सीन लगाने की कार्रवाई रोक दी गई है। 10 बजे से यहां टीकाकरण शुरू किया गया था। पोर्टल डाउन होने का कारण बताया जा रहा है कि एक साथ ज्यादा रजिस्ट्रेशन के कारण यह स्थिति बनी। 

11:28 AM (IST) Jan 03
असम में इस महीने 100 प्रतिशत लोग होंगे वैक्सीनेटेड : सीएम

फ्रंटलाइन वर्कर्स और बुजुर्गों को प्रिकॉशनरी डोज 10 जनवरी से शुरू होगा। असम की ने लगभग सभी लोगों को फर्स्ट डोज लगा दी है। दूसरी डोज का 70% कवर कर लिया गया है। सीएम हिमंत बिसवा सरमा ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि इस महीने तक सभी नागरिकों को पूरी तरह से टीका लग जाएगा।

11:25 AM (IST) Jan 03
केरल में कम्युनिटी स्प्रेड का कोई मामला नहीं

केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बताया कि राज्य में Omicron के कम्युनिटी स्प्रेड का कोई मामला नहीं है। यहां ओमीक्रोन के कुल 152  मरीज मिले हैं। इनमें से 50 एट रिस्क देशों से आए हैं। 84 कम जोखिम वाले देशों से हैं, और 18 मामले ऐसे हैं, जो इन रोगियों के संपर्क में आए हैं।