दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। इसके साथ ही बाढ़ का पानी उतर रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली में शनिवार को बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। 

नई दिल्ली। यमुना नदी का जलस्तर (Yamuna water level) दिल्ली में धीरे-धीरे कम हो रहा है। इसके साथ ही दिल्ली में फैला बाढ़ का पानी भी उतरने लगा है। शनिवार को पुराने रेलवे पुल पर यमुना नदी का जल स्तर 207.62 मीटर दर्ज किया गया। यह अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। शनिवार सुबह दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों आईटीओ, शांति वन क्षेत्र, इनकम टैक्स ऑफिस और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तीन दिन पहले यमुना के जलस्तर ने 45 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इसके बाद जलस्तर अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था। अब यमुना का जलस्तर धीरे-धीरे कम हो रहा है। शनिवार सुबह सात बजे यह 207.62 मीटर रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार रात 11 बजे यमुना का जलस्तर 207.98 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। बाढ़ का पानी उतरने से ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शुरू हो गया है। गुरुवार को यह बाढ़ आने के चलते बंद हो गया था।

खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना नदी

ओखला वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के चालू होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यमुना नदी का जल स्तर 207.7 मीटर तक कम होने पर वजीराबाद और चंद्रावल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को फिर से शुरू किया जाएगा। यमुना नदी का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर है। इसके चलते दिल्ली का बड़ा हिस्सा जलमग्न हो गया है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में दिल्ली सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों को बंद कर दिया है। दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण यमुना के आसपास के श्मशान घाटों में भी पानी भर गया है।

यह भी पढ़ें- Delhi Flood: बाढ़ राहत अभियान में सेना शामिल, मीडिया के सामने मंत्री से बोले LG- ब्लेम गेम में जाएंगे तो होगी परेशानी

दिल्ली में और बारिश का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। शनिवार को मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा बाढ़ का पानी

बाढ़ का पानी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक रेगुलेटर को शुक्रवार को नुकसान हुआ, जिसके चलते यमुना का पानी शहर की ओर बहने लगा। इंद्रप्रस्थ बस स्टैंड और डब्ल्यूएचओ बिल्डिंग के पास लगे सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर पर रेत की बोरियां डाली गईं और रेगुलेटर की मरम्मत की गई। ड्रेन रेगुलेटर टूटने से आईटीओ जैसे दिल्ली के कुछ हिस्सों में जलभराव हो गया। बाढ़ का पानी सुप्रीम कोर्ट परिसर के करीब पहुंच गया। बाढ़ का पानी राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मारक में भी घुस गया है।