Delhi-NCR Flood: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और अब यह 207 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 5 तारीख तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।
Yamuna Flood Alert: दिल्ली में लगातार भारी बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। निचले इलाके पानी में डूब गए हैं। यमुना बाजार, निगम बोध घाट, ओल्ड उस्मानपुर गांव और आईएसबीटी के पास वासुदेव घाट पानी में डूब चुके हैं। मोनेस्ट्री मार्केट में भी यमुना का पानी फैल गया है। एनसीआर के अन्य हिस्सों में भी बारिश के कारण हालत बिगड़ते जा रहे हैं। गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को लंबा ट्रैफिक जाम झेलना पड़ा।
यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर
हरियाणा के हथनी कुंड बैराज से सोमवार को 3.29 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद मंगलवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया। खतरे का निशान 205.33 मीटर है, जबकि बुधवार दोपहर 1 बजे तक यमुना का जलस्तर 207 मीटर तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 5 तारीख तक हल्की से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर अब 207 मीटर से ऊपर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से 2 मीटर ज्यादा है।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया
यमुना के बढ़ते जलस्तर के कारण निचले इलाके पानी में डूब रहे हैं और वहां रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। कई इलाकों में एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। यमुना का पानी ऐतिहासिक लोहे के पुल तक पहुंच गया है और नदी का पानी पुल के अंदर भी बह रहा है। निगम बोध घाट के आसपास के क्षेत्र में भी बाढ़ का पानी फैल चुका है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें: 1400 गांव पानी में डूबे, लाखों बेघर, खेत-खलिहान उजड़े और 30 से ज्यादा लोगों की मौत से मचा मातम!
