केरल में एक 23 साल की महिला डॉक्टर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। डॉक्टर जिस मरीज का इलाज कर रही थी उसी ने उसे मार डाला। आरोपी को पुलिस अस्पताल लाई थी।

कोल्लम। केरल के कोल्लम में बुधवार को एक महिला डॉक्टर की हत्या कर दी गई। 23 साल की डॉक्टर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए घायल आरोपी के पैर में लगे जख्म का इलाज कर रही थी। डॉक्टर ने आरोपी के जख्म पर मलहम लगाया था। वह पट्टी बांध पाती इससे पहले ही आरोपी किसी बात पर भड़क गया और उसने डॉक्टर को चाकू मार दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना कोल्लम जिले के कोट्टारक्कारा इलाके के एक तालुक अस्पताल में बुधवार सुबह घटी। आरोपी ने परिवार के सदस्यों के साथ लड़ाई की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। आरोपी स्कूल टीचर है। उसे निलंबित कर दिया गया था।

आरोपी के पैर में था जख्म, कैंची छुरी उठाकर कर दिया हमला

कोट्टारक्कारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान संदीप के रूप में हुई है। उसके पैर में जख्म था। पुलिस संदीप को अस्पताल ले गई थी। वहां डॉक्टर वंदना दास ने उसका इलाज किया। इसी दौरान संदीप किसी बात पर भड़क गया। उसने अस्पताल में रखी कैंची और छुरी उठा ली और आसपास मौजूद लोगों पर हमला करने लगा।

आरोपी को अस्पताल लाने वाला पुलिसकर्मी भी घायल

संदीप ने डॉक्टर वंदना को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे लाने वाला पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। वंदना को तिरुवनंतपुरम स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बोले-मामले की होगी विस्तृत जांच

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने डॉक्टर की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "घटना चौंकाने वाली और बेहद दर्दनाक है। मामले की विस्तृत जांच की जाएगी। ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला अस्वीकार्य है। सरकार डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर हमलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।" इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और केरल गवर्नमेंट मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (KGMOA) दोनों संगठनों के डॉक्टरों ने इस घटना के खिलाफ राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया है।