ममता बनर्जी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के चलते चुनाव आयोग ने भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय को नोटिस जारी किया है। उन्हें 20 मई तक जवाब देना है।

नई दिल्ली। कलकत्ता हाईकोर्ट के पूर्व जज और लोकसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिजीत गंगोपाध्याय को चुनाव आयोग ने नोटिस दिया है। गंगोपाध्याय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। इस मामले में चुनाव आयोग ने यह कार्रवाई की है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी के खिलाफ दिए गए गंगोपाध्याय के बयान को अनुचित, अविवेकपूर्ण और अशोभनीय बताया है। कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए चुनाव आयोग ने कहा है कि प्रथम दृष्टया यह बयान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। गंगोपाध्याय पश्चिम बंगाल के तमलुक सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। उन्होंने बुधवार को हल्दिया जिले में एक चुनावी सभा में ममता के खिलाफ बयान दिया था। गुरुवार को उनका वीडियो सामने आया था।

भाजपा ने वीडियो को बताया फर्जी

ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी (तृणमूल कांग्रेस) ने चुनाव आयोग से गंगोपाध्याय की शिकायत की थी। हालांकि, भाजपा ने वीडियो को फर्जी बताया है। चुनाव आयोग को लिखे पत्र में तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि अभिजीत गंगोपाध्याय ने सीएम ममता बनर्जी को लेकर "बेहद शर्मनाक और घृणित बयान" दिया है। वह महिला विरोधी हैं। वह वोट पाने के लिए महिलाओं के खिलाफ "अशोभनीय और अपमानजनक बयान" दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बंगाल में टीएमसी के दो नेताओं के ठिकानों पर सीबीआई की रेड, 3 साल पहले हुई हिंसा के मामले में छापेमारी

गंगोपाध्याय को 20 मई तक देना है जवाब

तृणमूल कांग्रेस ने मांग की कि चुनाव आयोग गंगोपाध्याय के खिलाफ आपराधिक कार्यवाही शुरू करने के लिए आदेश जारी करे। इसके साथ उनके सार्वजनिक बैठकों या रैलियों में भाग लेने पर प्रतिबंध लगाई जाए। भाजपा ने गंगोपाध्याय को पश्चिम बंगाल की तमलुक सीट से मैदान में उतारा है। यहां 25 मई को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने गंगोपाध्याय से 20 मई की शाम 5 बजे तक जवाब मांगा है। यह पहली बार नहीं है जब गंगोपाध्याय अपने बयानों को लेकर चर्चा में आए हैं। उन्होंने पहले भी विवादित बयान दिए हैं।

यह भी पढ़ें- अरविंद केजरीवाल को राजनाथ सिंह ने दिया जवाब, 2024 क्या 2029 में भी पीएम बनेंगे नरेंद्र मोदी