पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दिन ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहे हैं, त्यों-त्यों सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। चुनावी हिंसा का ग्राफ भी लगातार ऊपर जा रहा है। भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर खुलेआम पेट्रोल बम फेंकने का मामला सामने आया है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर लोहे की रॉड से भी हमला किया गया।

कोलकाता, पश्चिम बंगाल. यहां आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हमले तेज हो गए हैं। हिंसा की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच खबर है कि शनिवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर पेट्रोल बम फेंका गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को लोहे की रॉड से मारा गया। भाजपा ने इसके लिए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। बता दें कि शनिवार को नॉर्थ 24 परगना जिले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में परिवर्तन यात्रा निकाली जा रही थी। तभी उसे निशाना बनाया गया। हमलावरों ने दिलीप घोष के काफिले में चल रही गाड़ियों पर हमला किया। इससे गाड़ियों के कांच टूट गए। पुलिस का कहना है कि इस दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दोनों पार्टियां आमने-सामने
राजनीति हिंसा के लिए दोनों पार्टियां एक-दूसरे को आरोपी ठहरा रही हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि बशीरहाट में भाजपा कार्यकर्ता को पीटा गया। इससे एक कार्यकर्ता बुरी तरह घायल हो गया। वहीं, तृणमूल का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बशीरहाट के मिनाखा क्षेत्र में उसके दफ्तर पर हमला किया। इसमें एक टीएमसी कार्यकर्ता घायल हो गया। यह हमला परिवर्तन यात्रा के दौरान किया गया।

बता दें कि इससे पहले 10 दिसंबर, 2020 को पश्चिम बंगाल दौरे पर गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर पथराव हुआ था। इसमें राज्य के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए थे।