जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में सेना के जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। एक आतंकी मारा गया है। एडीजीपी मुकेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ जारी है। 

राजौरी। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के राजौरी जिले के दसल वन क्षेत्र में सेना के जवानों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। एक आतंकी को मार गिराया गया है। सेना को गुप्त सूचना मिली थी कि दसल वन क्षेत्र में आतंकियों का मूवमेंट है। इसके बाद गुरुवार रात को सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आधी रात के करीब आतंकियों द्वारा फायरिंग की गई, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों के जवानों ने भी गोली चलाई। सुबह तक गोलीबारी जारी रही। एडीजीपी मुकेश सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ जारी है।

बारामूला में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी गिरफ्तार

इससे पहले गुरुवार को सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। आतंकवादियों के पास से दो चीनी पिस्टल, दो मैगजीन और 15 गोलियां बरामद की गईं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुहैल गुलजार और वसीम अहमद पाटा के रूप में हुई है। एडीजीपी मुकेश सिंह ने बताया कि दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच चल रही है।