ओडिशा में ड्राइवरों की हड़ताल (Drivers Strike) के चलते एक दूल्हे को बारात के साथ 28 किलोमीटर पैदल चलकर दुल्हन के घर जाना पड़ा। गुरुवार रात को शादी तय थी। बारात देर से पहुंचने के चलते विवाह शुक्रवार सुबह संपन्न हुआ।

भुवनेश्वर। ओडिशा में ड्राइवरों ने हड़ताल (Drivers Strike) किया था। इसके चलते जरूरी काम से घर से बाहर जाने वालों को काफी परेशानी हुई। बारात ले जाने के लिए गाड़ी नहीं मिल रही थी। ऐसे ही एक दूल्हे को रातभर पैदल चलना पड़ा तब वह अगले दिन दुल्हन के घर पहुंच पाया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना ओडिशा के रायगड़ा जिले की है। कल्याणसिंहपुर प्रखंड के सुनखंडी पंचायत के लड़के की शादी 28 किलोमीटर दूर दिबालापाडू गांव में तय हुई थी। विवाह गुरुवार रात को होना था। लड़के के परिजन बारात निकालने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उन्हें कोई गाड़ी नहीं मिली। इसके बाद हारकर दूल्हा, उसके परिवार के लोग और सभी बाराती पैदल ही लड़की वाले के घर जाने के लिए निकल गए। सभी लोग पूरी रात चले और शुक्रवार सुबह लड़की के घर पहुंचे। विवाह शुक्रवार को हुआ।

दूल्हे के परिजन ने कहा- हमारे पास नहीं था कोई विकल्प

सोशल मीडिया पर दूल्हे और उसके परिवार के लोगों के पैदल चलने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कुछ महिलाएं भी पैदल चलती दिखीं हैं। दूल्हे के एक परिजन ने कहा कि ड्राइवरों के हड़ताल के चलते हमें कोई गाड़ी नहीं मिली। हमलोग रातभर पैदल चलकर दुल्हन के गांव आए हैं। हमारे पास दूसरा कोई विकल्प नहीं था।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस का संसद में गांधी प्रतिमा के पास धरना: अडानी मुद्दे पर JPC के लिए अड़ा है विपक्ष, राहुल गांधी को नहीं बोलने देने का भी BJP पर लगाया आरोप

शुक्रवार सुबह हुआ विवाह 
विवाह शुक्रवार सुबह संपन्न हुआ। दूल्हा और उसके परिवार के लोग लड़की के घर ठहरे हुए हैं। वे इंतजार कर रहे हैं कि ड्राइवरों का हड़ताल खत्म हो और वे दुल्हन को अपने साथ घर ले जा सकें। गौरतलब है कि चालक एकता महासंघ ने बीमा, पेंशन, कल्याण बोर्ड के गठन और अन्य जैसे सामाजिक कल्याण उपायों की मांग को लेकर बुधवार से राज्य भर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू किया था। हड़ताल शुक्रवार को राज्य सरकार द्वारा उनकी सभी मांगों को पूरा करने के आश्वासन के बाद 90 दिनों के लिए स्थगित किया गया।

यह भी पढ़ें- ED को मनीष सिसोदिया का 5 दिनों का रिमांड: जांच एजेंसी बोली-डिलीटेड मोबाइल डेटा और ईमेल को रिकवर कर एनालिसिस कर रहे