गुजरात पुलिस (Gujarat Police) ने एक ऐसे चोर को पकड़ा है जिसके पास मुंबई में एक करोड़ रुपए से अधिक का फ्लैट है। वह महंगे होटलों में रुकता और हवाई जहाज से सफर करता था। वह ऑडी कार की सवारी करता था।

अहमदाबाद। गुजरात पुलिस (Gujarat Police) के हत्थे एक ऐसा चोर चढ़ा है, जिसे राज्य का 'सबसे अमीर' चोर कहा जा रहा है। ऐसा नहीं है कि वह किसी मजबूरी में चोरी करता है। उसने इसे अपना पेशा बना रखा है और अमीरों जैसा जीवन जी रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस चोर का नाम है रोहित सोलंकी। यह कोई ऐसा वैसा चोर नहीं है। मुंबई में उसका एक करोड़ रुपए का घर है। वह जर्मन लग्जरी कार ऑडी की सवारी करता है। चोरी के लिए कहीं जाना हो तो फ्लाइट से जाता है। ठहरता भी महंगे होटलों में है। रोहित मूल रूप से गुजरात का बताया जा रहा है। वह रहता मुंबई में है।

गुजरात पुलिस ने रोहित सोलंकी को गिरफ्तार किया है। वह चोरी करने के लिए लग्जरी होटलों में रुकता था। दिन में होटलों की कैब बुक करता था। रोहित के गुनाहों की लिस्ट काफी लंबी है। वह कई राज्यों में चोरी और डकैती के कई मामलों में आरोपी है।

कैसे गुजरात पुलिस की पकड़ में आया रोहित सोलंकी

गुजरात के वापी में एक लाख रुपए की चोरी हुई थी। पुलिस इस मामले में जांच कर रही थी। इसी दौरान मामले के तार रोहित सोलंकी से जुड़ते दिखे। पुलिस ने जाल बिछाया और रोहित को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद रोहित से जब पुलिस अधिकारियों ने पूछताछ की तो वे हैरान रह गए। पुलिस को पता चला कि रोहित चोरी के पैसे से किस तरह आलीशान जीवन जी रहा था। उसने 19 डकैतियों में अपनी संलिप्तता कबूल की है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोलंकी मुंबई के मुंब्रा इलाके में एक करोड़ रुपए से अधिक के आलीशान फ्लैट में रहता था। वह ऑडी कार चलाता था। रोहित ने जिन 19 डकैतियों की बात कबूल उनमें से वलसाड में तीन, सूरत में एक, पोरबंदर में एक, सेलवाल में एक, तेलंगाना में दो, आंध्र प्रदेश में दो, मध्य प्रदेश में दो और महाराष्ट्र में एक शामिल है। उसने महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में छह और चोरियां करने की बात भी कबूल की।

मुसलमान महिला से शादी करने के लिए बदल लिया था नाम

पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि रोहित ने कई राज्यों में अपराध किया है। वह इतना शातिर है कि आसानी से अपनी पहचान बदल लेता है। उसने एक मुसलमान महिला से शादी करने के लिए अपना नाम अरहान रख लिया था।

यह भी पढ़ें- BSF ट्रेनिंग सेंटर से रहस्यमयी तरीके से गायब हुई दो लेडी कांस्टेबल, कहीं वही मामला तो नहीं...

किस तरह चोरी करता था रोहित सोलंकी?

पुलिस ने यह भी बताया है कि रोहित सोलंकी के चोरी करने का तरीका क्या था। वह चोरी करने के लिए आलीशान होटलों में रुकता था। हवाई जहाज से यात्रा करता था। दिन में होटल की कैब बुक करता था। चोरी की तैयारी के लिए वह दिन में सोसाइटियों में जासूसी करता था। उसका निशाना अमीर लोग होते थे। पुलिस ने बताया कि रोहित को मुंबई के डांस बार और नाइट क्लबों में पार्टी करना पसंद है। वह ड्रग्स का भी आदी है। हर महीने 1.50 लाख रुपए खर्च करता है।

यह भी पढ़ें-आगरा एयरफोर्स स्टेशन में अग्निवीर ने खुद को गोली मारी, सुसाइड की वजह क्या ? जून में ही घर से लौटा था