हैदराबाद में पति ने दूसरी महिला से फोन पर बात करने से रोकने पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना सरूरनगर में हुई, आरोपी गिरफ्तार।

हैदराबाद: तेलंगाना में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पति किसी और महिला से फोन पर बातें करता था। पत्नी ने रोका तो उसने जान ले ली। घटना मंगलवार सुबह सरूरनगर में हुई। आरोपी की पहचान मारिया दास के रूप में हुई है। वह कार ड्राइवर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार करीब 12 साल पहले मारिया दास और चिन्नम्मा की शादी हुई थी। चिन्नम्मा पूर्वी गोदावरी जिले की थी। दोनों का 11 साल का बेटा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चिन्नम्मा ने पति से कहा था दूसरी महिला से नहीं करो बात

हाल ही में चिन्नम्मा को पता चला कि उसका पति एक दूसरी महिला से फोन पर बातें करता है। उसने अपने पति को ऐसा करने से मना किया। इस मामले को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। इसके बाद भी दास दूसरी महिला से बात करता रहा। परिवार के लोगों ने दोनों को समझाने की कोशिश भी की थी।

रात में हुआ झगड़ा, मारिया दास ने घोंट दिया चिन्नम्मा का गला

सोमवार की रात दोनों के बीच फिर झगड़ा हुआ। इसके बाद दास गला घोंटकर चिन्नम्मा की हत्या कर दी। अहले सुबह करीब 3 बजे दास ने अपने ससुराल के लोगों को फोन किया। वे लोग सामने की घर में रहते हैं। दास ने बताया कि चिन्नम्मा के साथ उसका झगड़ा हुआ था। वह बेहोश है।

इतना सुनते ही चिन्नम्मा के परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि चिन्नम्मा का शरीर बिस्तर पर पड़ा है। दास ने उनके सामने स्वीकार किया कि झगड़ा होने पर उसने चिन्नम्मा का गला घोंट दिया था।

चिन्नम्मा के परिजनों ने पुलिस को फोन किया। पुलिसकर्मी आए तो पुष्टि की कि चिन्नम्मा मर चुकी है। उसके गले पर निशान था। पुलिस ने दास को उसी वक्त हिरासत में ले लिया। चिन्नम्मा के परिजनों की शिकायत पर दास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।