09:04 AM (IST) Jun 21
हमारी 5 हजार साल पुरानी सभ्यताः हरदीप पुरी

विश्व योग दिवस पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि हमारी 5000 साल पुरानी सभ्यता है। योग का विचार अब दुनिया भर में पहुंच गया है। ये जीवन का उत्सव है। हमने यहां 12,000 लोगों के लिए योग कार्यक्रम का आयोजन किया। ये अनुभव अद्वितीय था। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर हम रोज आधा-पौना घंटा योग करेंगे तो इससे बीमारी और चिंता दूर रहती है। वैसे तो जिंदगी में चिंता कभी खत्म नहीं होती है लेकिन योग करने से चिंता कम जरूर हो जाती है।

08:53 AM (IST) Jun 21
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व पीयूष गोयल ने किया योग

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग किया और निरोग रहने का मंत्र दिया। वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल भी योगाभ्यास कार्यक्रम में पहुंचे और योग किया। इस दौरान वे काफी प्रसन्नचित्त मुद्रा में नजर आए। पश्चिम बंगाल के गवर्नर धनखड़ ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास किया है।

08:40 AM (IST) Jun 21
दुनिया को जोड़ती है योगः जयशंकर

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि योग दुनिया को जोड़ती है। जो लोग योग करते हैं, उनके मन में शांति की भावना होती है। यहां योग करने के लिए कूटनीति से जुड़े हुए लोग और विश्वविद्यालयों से छात्र आए हैं। यह बहुत खुशी की बात है। यह शांति के पक्ष में एक भावना है, जिसे हम प्रकट कर रहे हैं। 

 

08:35 AM (IST) Jun 21
पीएम नरेंद्र मोदी ने किया लोगों का अभिवादन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मैसूर पैलेस ग्राउंड में योग सत्र के समापन के बाद वहां उपस्थित लोगों को बधाई दी। वहीं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मैं सभी प्रदेश वासियों को बधाई देता हूं। हमारे लिए ये सौभाग्य की बात है कि हमारे ऋषियों ने योग के माध्यम से भारत की संस्कृति को विश्व भर में पहुंचाने के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। 

08:29 AM (IST) Jun 21
कर्नाटक, हिमाचल, हरियाणा के सीएम ने किया योग

कर्नाटक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने मैसूर में 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शिमला में योग दिवस के अवसर पर रिज मैदान में योग कार्यक्रम में भाग लिया। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने भी योगाभ्यास कार्यक्रम में शिरकत की है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने 8वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लाल किले में आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया।

08:09 AM (IST) Jun 21
राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति कोविंद ने किया योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में योग किया। उन्होंने कहा कि योग प्राचीन भारतीय विरासत का एक हिस्सा है। यह मानवता के लिए भारत का उपहार, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण है। योग मन, शरीर और आत्मा को संतुलित करता है। 

07:51 AM (IST) Jun 21
राज्यों में भी योग की धूम रही

राजस्थान में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सैम, जैसलमेर में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं ऋषिकेश में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परमार्थ निकेतन में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भाजपा के राष्ट्रीय आध्यक्ष जेपी नड्डा ने 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नोएडा सेक्टर 26 में योग कार्यक्रम में भाग लिया। योग दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजभवन में योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लिया।

07:27 AM (IST) Jun 21
कुछ मिनट का ध्यान हमें शांत कर देता हैः पीएम मोदी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम कितने तनावपूर्ण माहौल में क्यों न हों, कुछ मिनट का ध्यान हमें शांत कर देता है, हमारी उत्पादकता को बढ़ा देता है। पीएम ने कहा कि आज दुनिया भर के देशों में योग की गूंज है। 

07:10 AM (IST) Jun 21
हमें योग को जानना है, जीना है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमें योग को एक अतिरिक्त काम के तौर पर नहीं लेना है। हमें योग को जानना भी है, जीना भी है, अपनाना भी है, पनपाना भी है। जब हम योग को जिने लगेंगे तब योग दिवस हमारे लिए योग करने का नहीं बल्कि अपने स्वास्थ्य, सुख, और शांति का जश्न मनाने का माध्यम बन जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत में हम इस बार योग दिवस ऐसे समय पर मना रहे हैं, जब देश आजादी के 75वें वर्ष का पर्व मना रहा है, अमृत महोत्सव मना रहा है। योग दिवस की ये व्यापकता, ये स्वीकार्यता भारत की उस अमृत भावना की स्वीकार्यता है जिसने भारत के स्वतंत्रता संग्राम को ऊर्जा दी थीवहीं केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और प्रयासों के कारण आज विश्वभर में योग को मान्यता मिल रही है। प्रधानमंत्री मोदी का विजन व्यक्तिगत समुदाय, राष्ट्र और दुनिया के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र पर ध्यान केंद्रित करके विश्व में शांति और सौहार्द स्थापित करना है। 

07:04 AM (IST) Jun 21
योग बना वैश्विक पर्वः पीएम मोदी

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कर्नाटक में मैसूरू पैलेस मैदान पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। इसलिए इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम मानवता के लिए योग रखी गई है। सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, ऐसे में योग दिवस का महत्व काफी बढ़ जाता है।

06:59 AM (IST) Jun 21
मैसूरू मैदान पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक के मैसूरू पैलेस मैदान में पहुंच चुके हैं। उनके साथ केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल भी मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यहां करीब 15000 लोगों के साथ योगाभ्यास कर रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

06:43 AM (IST) Jun 21
ओडिशाः कोणार्क के सूर्यमंदिर में योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कोणार्क सूर्य मंदिर में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। वहीं यूपी में वाराणसी के गंगा घाट पर लोगों ने योग किया। देश के विभिन्न स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम शुरू हैं। इस मौके पर कई तरह की योग क्रियाएं की जा रही हैं।

06:36 AM (IST) Jun 21
यूपी के सीएम योगी ने किया योग

अंतरारष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर लखनऊ के राजभवन में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। योगी ने कहा कि भारत की इस ऋषि परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। वहीं डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी ट्वीट करके योग दिवस की बधाई दी है। 

06:25 AM (IST) Jun 21
पंजाबः अमृतसर में योग की धूम

पंजाब में अमृतसर के दुर्गियाना तीरथ में योग कार्यक्रम में काफी लोग शामिल हुए हैं। विश्व योग दिवस के अवसर पर अमृतसर के दुर्गियाना तीरथ के गोल बाग मैदान में लोगों ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान हर उम्र के लोगों में जोश दिखाई दिया। सभी ने योग को जीवन में अपनाने का भी संकल्प लिया।

06:22 AM (IST) Jun 21
गुजरात: साबरमती रिवरफ्रंट पर हुआ योग

अंतराराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट पर लोगों ने योग किया। वहीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के हिमवीरों ने 16,000 फीट की ऊंचाई पर योग अभ्यास किया। देश के अलग-अलग राज्यों से भी योग की तस्वीरें आ रही हैं। 

06:14 AM (IST) Jun 21
योग गुरू बाबा रामदेव ने किया योग

उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग गुरु रामदेव ने हरिद्वार में स्थित पतंजलि योगपीठ में योग किया। वहीं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश सहित भारत-चीन सीमाओं पर विभिन्न उच्च ऊंचाई वाले हिमालय पर्वतों पर योग किया। 

Read more Articles on