रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन और पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत अब पहले वाला देश नहीं है। भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक के रूप में उभरा है। कोई हमारी सीमाओं को तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता। 

जम्मू। कारगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Diwas) से पहले जम्मू में एक स्मरणोत्सव समारोह में रविवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चीन और पाकिस्तान को चेताया। 1962 की जंग (भारत-चीन युद्ध) की चर्चा करते हुए राजनाथ ने कहा कि मैं किसी पीएम की नीयत पर संदेह नहीं कर सकता। नीति को लेकर हमारे मतभेद हो सकते हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक के रूप में उभरा है। भारत अब वह देश नहीं है जो पहले हुआ करता था। देश हर उस शहीद को याद करेगा, जिसने देश की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी। हमारी सेना ने हमेशा हमारे देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। हमारे कई बहादुर सैनिकों ने 1999 के युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी। मैं उन्हें नमन करता हूं।

कोई हमारी सीमाओं को तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की बात बहुत ध्यान से सुनती है। आज कोई भी हमारी सीमाओं को तोड़ने की हिम्मत नहीं कर सकता। उन्होंने रविवार सुबह जम्मू के गुलशन ग्राउंड में आयोजित एक समारोह में सेना, अर्धसैनिक बलों और जम्मू-कश्मीर पुलिस के सभी शहीदों के करीब 2000 परिवारों को सम्मानित करने के बाद यह बात कही।

मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है भारत
पड़ोसी देश पाकिस्तान का जिक्र करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अपने पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध चाहता है। इसके बाद भी उसने हमले करने की कोशिश की और कारगिल में हमारे क्षेत्र में प्रवेश किया। उन्होंने चीन पर हमला करते हुए कहा कि भारत को 1962 की जंग में शिकस्त का सामना करना पड़ा, लेकिन अब हमारा देश एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है।

यह भी पढ़ें- सोमवार को मुख्य न्यायाधीश एनवी रमना द्रौपदी मुर्मू को दिलाएंगे राष्ट्रपति पद की शपथ, मिलेगी 21 तोपों की सलामी

नेहरू की मंशा पर सवाल नहीं उठाऊंगा
राजनाथ सिंह ने कहा कि 1962 में चीन ने लद्दाख में हमारे क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। उस समय जवाहर लाल नेहरू प्रधानमंत्री थे। मैं उसकी मंशा पर सवाल नहीं उठाऊंगा। मैं भारत के किसी प्रधानमंत्री की नीयत पर सवाल नहीं उठा सकता। नीतियों पर जरूर मतभेद हो सकते हैं। इरादे अच्छे हो सकते हैं, लेकिन यह नीतियों पर लागू नहीं होता है। यह गुजरे जमाने का भारत नहीं है। आज, भारत दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में से एक है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत भविष्य में हथियारों और गोला-बारूद का सबसे बड़ा निर्यातक बन जाएगा। मैं लोगों को बताना चाहता हूं कि भारत हथियारों का सबसे बड़ा आयातक नहीं है, लेकिन अब हम हथियार और गोला-बारूद के शीर्ष 25 निर्माताओं में एक हैं। हम एक दिन हथियारों और गोला-बारूद के नंबर एक निर्यातक बन जाएंगे।

यह भी पढ़ें-  स्मृति इरानी बोलीं- मेरी बेटी कॉलेज में पढ़ती है, वह बार नहीं चलाती, कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कोर्ट जाऊंगी