Muslim 500 List 2027: ‘द मुस्लिम 500’ की 2027 सूची में पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सऊदी और तुर्की के नेताओं के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 स्थान मिला है। लेकिन टॉप-50 में भारत से सिर्फ एक नाम है। कौन हैं मौलाना महमूद मदनी, जिन्हें 18वीं रैंकिंग मिली और आखिर किस वजह से दुनिया के प्रभावशाली मुसलमानों में बनाई जगह?

Muslim 500 List 2027: दुनिया के 500 सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की 2027 की वार्षिक सूची ('द मुस्लिम 500') में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। जॉर्डन स्थित थिंक टैंक 'रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर' (RISSC) द्वारा जारी इस रिपोर्ट में पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है। उनके साथ सऊदी अरब के किंग सलमान, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन भी नंबर-1 की कुर्सी साझा कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित सूची के टॉप-50 में भारत से सिर्फ एक नाम टॉप-50 में शामिल है। वह हैं जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी, जिन्हें 18वां स्थान दिया गया है।

The Muslim 500 2027: मक्का रक्षा समझौते ने बदली रैंकिंग

जॉर्डन स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर (RISSC) की ओर से जारी यह रिपोर्ट दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों के नाम शामिल करती है। इनमें से शीर्ष 50 को रैंकिंग दी जाती है, जबकि बाकी लोगों को अलग-अलग श्रेणियों में रखा जाता है।

  • इस बार पहली बार पांच नेताओं को संयुक्त रूप से नंबर-1 स्थान दिया गया है।
  • रिपोर्ट ने इसके पीछे 7 अगस्त 2026 को हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते (Makkah Joint Defence Agreement) को प्रमुख वजह बताया है।
  • इस समझौते में पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्की शामिल हैं। इसके तहत किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला तीनों पर हमला माना जाएगा।
  • रिपोर्ट के मुताबिक, इस गठबंधन में सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्की की तकनीक और पाकिस्तान की सैन्य क्षमता को अहम माना गया है।
  • पिछले साल आसिम मुनीर और शहबाज शरीफ टॉप-50 में जगह नहीं बना पाए थे और बिना रैंकिंग वाले 450 लोगों में शामिल थे। इस बार उनका सीधे संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंचना चर्चा का विषय है।

Mahmood Madani: कौन हैं टॉप-50 में शामिल इकलौते भारतीय?

मौलाना महमूद मदनी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यह संगठन 1919 में स्थापित हुआ था और भारतीय मुसलमानों के सामाजिक, धार्मिक तथा नागरिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर काम करता है।

  • मदनी ने 1992 में दारुल उलूम देवबंद से शिक्षा पूरी की।
  • उनके दादा मौलाना हुसैन अहमद मदनी और पिता मौलाना असद मदनी भी जमीयत के प्रमुख रहे।
  • वह 2001 से 2021 तक संगठन के महासचिव रहे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
  • रिपोर्ट में नागरिकता, धार्मिक स्वतंत्रता, अल्पसंख्यकों के अधिकार और वक्फ संपत्तियों से जुड़े मामलों में उनकी भूमिका का उल्लेख है।
  • वक्फ संपत्तियों के संरक्षण के साथ कानूनी रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण, ऑडिट और वित्तीय पारदर्शिता पर उनके जोर को भी रिपोर्ट में जगह मिली है।
  • मदनी को इस बार 18वां स्थान मिला है। पिछले संस्करण में वह 16वें नंबर पर थे।

Muslim 500 Ranking: टॉप-50 में कौन-कौन शामिल?

आधिकारिक सूची के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई चौथे, जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय पांचवें और कतर के अमीर शेख तमीम छठे स्थान पर हैं। पाकिस्तान के मुफ्ती तकी उस्मानी सातवें और यमन के हूथी नेता अब्दुल-मलिक अल-हूथी 17वें नंबर पर हैं। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी को 49वां स्थान मिला है।

Top 500 में कई भारतीय हस्तियां भी शामिल

मौलाना महमूद मदनी के अलावा भारत से असदुद्दीन ओवैसी, जाकिर नाइक, उद्योगपति अजीम प्रेमजी और दाऊदी बोहरा समुदाय के नेता सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन भी 500 लोगों की सूची में हैं। इनके अलावा शाहरुख खान, आमिर खान, सलमान खान, शबाना आजमी और संगीतकार एआर रहमान को भी इस सूची में जगह मिली है। हालांकि, ये सभी शीर्ष-50 की रैंकिंग में शामिल नहीं हैं।

यह सूची RISSC की वार्षिक रिपोर्ट है, कोई सरकारी या आधिकारिक वैश्विक पदवी नहीं। इसमें प्रभाव का आकलन राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में लोगों की भूमिका के आधार पर किया जाता है।