Uttarakhand Accident: ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर पुल से खाई में गिरी बस, 8 यात्रियों की मौत और 26 घायल। रुद्रप्रयाग में बोलेरो 500 मीटर गहरी खाई में गिरी, 4 लोगों की गई जान। जानें दोनों हादसों की पूरी जानकारी।

Uttarakhand Accident: उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। हरिद्वार से कर्णप्रयाग जा रही 'विश्वनाथ सेवा' की एक यात्री बस ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कम से कम 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि 26 यात्री बुरी तरह घायल हुए हैं। हादसा बस के हरिद्वार से रवाना होने के महज एक घंटे बाद हुआ, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं, रुद्रप्रयाग में सोमवार शाम एक बोलेरो के करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरने से 4 लोगों की जान चली गई और 6 घायल हो गए।

Rishikesh-Badrinath Highway Accident: बस हादसे में 8 की मौत

पीटीआई के अनुसार, 'विश्वनाथ सेवा' की बस मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। लगभग एक घंटे बाद ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर यह हादसा हो गया।

  • सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
  • हादसे में घायल 26 यात्रियों को निकालकर ऋषिकेश के अस्पतालों और एम्स में भर्ती कराया गया।
  • SDRF की ब्यासी और ढालवाला टीमों के साथ अतिरिक्त बचाव दल और पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे।
  • जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने हादसे की पुष्टि की है। बस के खाई में गिरने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
Scroll to load tweet…

Uttarakhand Bus Accident Victims: किन राज्यों के यात्री हुए शिकार?

  • देश के कई राज्यों से थे यात्री: प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, घायलों में उत्तराखंड (हल्द्वानी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़) के अलावा झारखंड, बिहार, असम, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के लोग शामिल हैं।
  • मासूम बच्ची भी घायल: घायलों की पहचान में झारखंड के दुमका निवासी मोहम्मद वहाब अंसारी (22), अर्जुन सौरन (34), बुधन मुर्मू (50) और राजकुमार (32), बिहार के पटना निवासी राहुल कुमार (24) और जहानाबाद के संतोष कुमार (38), असम के गुवाहाटी निवासी नूर जहां (26) और उनकी तीन साल की बेटी आयरा, दिल्ली के शाहदरा निवासी जतिन (21), उत्तराखंड के जसपुर निवासी अभिषेक (28), खटीमा निवासी प्रत्यूष (23), रुद्रप्रयाग के पंकज नेगी (31) और चमोली के कर्णप्रयाग निवासी वीरेंद्र सिंह (58) शामिल हैं। हादसे में घायल सभी यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Rudraprayag Accident: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो

इससे एक दिन पहले सोमवार शाम रुद्रप्रयाग के बांसवाड़ा-कंडारा मोटर मार्ग पर भी बड़ा हादसा हुआ। शादी समारोह से लौट रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में रांसी निवासी कुंवर सिंह (60), मदन सिंह (40), देड़ा गांव के सूरत सिंह (42) और दादा गीड बस्ती, रांसी निवासी बलवीर सिंह (70) की मौत हो गई। वहीं घायलों में रांसी के उम्मेद सिंह राणा (52), राजेंद्र सिंह (56) और लविश राणा (25), कांथा गांव की आठ वर्षीय वंशिका, पूजा (34) और चिलोंड गांव की उर्मिला देवी (33) शामिल हैं।

  • वाहन में कुल 10 लोग सवार थे।
  • हादसे में 4 लोगों की मौत हुई और 6 घायल हो गए।
  • अंधेरा और खड़ी चट्टानी जमीन होने के कारण बचाव अभियान में मुश्किलें आईं।
  • DDRF, SDRF और पुलिस की टीमों ने स्ट्रेचर की मदद से घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

दोनों हादसों में कुल 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 32 लोग घायल हुए हैं।