Telangana ACB Raid: तेलंगाना की टाउन प्लानिंग ऑफिसर गुंडू वाणी के 8 ठिकानों पर छापेमारी में 6.76 करोड़ की संपत्ति मिली। 75 हजार रुपये की रिश्वत के मामले में पहले ही गिरफ्तार अधिकारी के पास मकान, प्लॉट, गाड़ियां और करोड़ों के शेयर मिले।

Telangana Corruption: तेलंगाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई ने सबको चौंका दिया है। मोइनाबाद नगर पालिका की टाउन प्लानिंग ऑफिसर गुंडू वाणी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का नया मामला दर्ज किया गया है। दिलचस्प बात यह है कि अधिकारी वाणी कुछ महीने पहले ही 75 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार हो चुकी हैं और फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। हाल ही में ACB ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 6.76 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का खुलासा किया है, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।

गुंडू वाणी कौन है?

तेलंगाना में टाउन प्लानिंग ऑफिसर गुंडू वाणी इन दिनों भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। वह रंगा रेड्डी जिले की मोइनाबाद नगर पालिका में टाउन प्लानिंग ऑफिसर के पद पर तैनात थीं। सितंबर 2026 में उन पर एक पंचायत सचिव के जरिए 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने का आरोप लगा था। तेलंगाना के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने ट्रैप कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया था।

Scroll to load tweet…

Telangana ACB Raid: आठ ठिकानों पर छापेमारी

ACB ने 16 नवंबर को गुंडू वाणी के घर और कार्यालय समेत आठ जगहों पर तलाशी ली। इसमें उनके रिश्तेदारों, सहयोगियों और कथित बेनामीदारों के ठिकाने भी शामिल थे। जांच एजेंसी को कई संपत्तियों और निवेश का पता चला है। शुरुआती आकलन के मुताबिक, ये संपत्तियां उनकी ज्ञात आय से अधिक हैं।

Telangana ACB Raid Properties: 6.76 करोड़ की संपत्ति में क्या-क्या मिला?

ACB की तलाशी में सामने आई संपत्तियों का ब्योरा:

  • तीन मंजिला मकान: करीब 2.45 करोड़ रुपये कीमत।
  • फ्लैट: लगभग 63 लाख रुपये।
  • प्लॉट: महबूबनगर और जनगांव में दो खाली प्लॉट, अनुमानित कीमत 87.67 लाख रुपये।
  • कृषि भूमि: महबूबनगर में 1.10 एकड़ जमीन, कीमत करीब 29.70 लाख रुपये।
  • निवेश: तुलजा भवानी वाइन में 50 लाख रुपये और 1.30 करोड़ रुपये के शेयर।
  • गाड़ियां: महिंद्रा XUV700 और हुंडई क्रेटा समेत करीब 50 लाख रुपये के वाहन।
  • अन्य संपत्ति: 5.47 लाख रुपये नकद, बैंक में 7.97 लाख रुपये और सोने के आभूषण।

Gundu Vani Bribery Case: 75 हजार की रिश्वत में हुई थी गिरफ्तारी

  • जाल बिछाकर पकड़ा गया था: सितंबर महीने में मोइनाबाद नगर पालिका में तैनात रहते हुए गुंडू वाणी ने एक पंचायत सचिव के जरिए 75,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB ने ट्रैप लगाकर उन्हें रंगे हाथों दबोचा था।
  • अब पीटी वारंट पर पेशी: भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी अधिकारी को अब हैदराबाद की विशेष अदालत में पीटी वारंट पर पेश किया जाएगा, और ACB यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने और कहां-कहां बेनामी संपत्ति छिपा रखी है।