Kulgam CRPF Attack की जांच में CCTV फुटेज और गुमशुदगी की रिपोर्ट से उमर निसार डार और लतीफ भट तक पहुंचने में मदद मिली। जानिए 11 नवंबर के हमले, 16 नवंबर की मुठभेड़ और फरार लतीफ भट की पूरी कहानी।
Kulgam CRPF Attack: जम्मू-कश्मीर के दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में 11 नवंबर को सीआरपीएफ चौकी पर हुए आतंकी हमले की गुत्थी सुरक्षा एजेंसियों ने आखिरकार सुलझा ली है। सीसीटीवी फुटेज, एक गुमशुदगी की रिपोर्ट और स्थानीय खुफिया नेटवर्क के जरिए जांचकर्ताओं ने उन दोनों संदिग्धों तक पहुंच बनाई, जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। इसी कड़ी में 16 नवंबर को लारू इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी उमर निसार डार को ढेर कर दिया, जबकि उसका साथी और लश्कर कमांडर लतीफ भट मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

Kulgam CRPF Checkpoint Attack: कैसे रची गई थी हमले की साजिश?
- सीसीटीवी में कैद हुई रेकी: हमले से ठीक एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को उमर निसार डार और लतीफ भट ने कुलगाम के मीर बाजार, अखरान, हबलिश और किलम इलाकों की रेकी की थी। इन जगहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों ने इनकी संदिग्ध गतिविधियों को रिकॉर्ड कर लिया था।
- 15 सेकंड में दागी गईं 30 गोलियां: अगले दिन 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:15 बजे दोनों आतंकवादियों ने अखरान में सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की नाका पार्टी पर अचानक फायरिंग कर दी। दलदली और झाड़ियों वाले रास्ते से आए हमलावरों ने महज 15 सेकंड में करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
Kulgam Laroo Encounter: गुमशुदगी की रिपोर्ट और लोकल नेटवर्क से खुला राज
- परिवार ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट: जांच के दौरान एक बड़ा सुराग तब हाथ लगा जब उमर निसार डार के परिजनों ने उसके लापता होने की थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जब कड़ियां जोड़ीं तो पता चला कि डार पिछले कई महीनों से लतीफ भट को पनाह दे रहा था और अखरान हमले के बाद वह प्रतिबंधित संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) में शामिल हो गया था।
- लारू में मुठभेड़: इस पुख्ता सुराग के आधार पर सुरक्षा बलों ने कुलगाम के लारू में घेराबंदी की। 16 नवंबर को हुई भीषण मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया। हालांकि, लतीफ भट घायल होने के बावजूद भाग निकला, जिसकी तलाश में पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।










