कर्नाटक के चिकबलपुर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी का गला काट दिया और उसके खून को पी गया। उसका दोस्त घटना का वीडियो बना रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

चिकबलपुर। बदले की आग किस तरह किसी इंसान को हैवान बना देती है इसकी एक बानगी कर्नाटक में देखने को मिली है। यहां अवैध संबंध के चक्कर में एक व्यक्ति की हत्या की कोशिश की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग हैरान रह गए। लोग सोचने को विवश हो गए कि इंसान इस कदर कैसे हैवान बन सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मामला चिकबलपुर जिले के चिंतामणि तालुक का है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के प्रेमी का गला काट दिया। उसने तेज धारदार हथियार से पत्नी के प्रेमी का गला काटा और उसके खून को पीने लगा। इस घटना का वीडियो उसका दोस्त बना रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पास के जंगल में ले जाकर काट दिया गला

आरोपी की पहचान विजय के रूप में हुई है। वहीं, पीड़ित का नाम मारेश था। विजय को शक था कि मारेश का अवैध संबंध उसकी पत्नी के साथ है। इस बात से विजय काफी गुस्से में था। 19 जून को विजय अपने दोस्त जॉन के साथ मारेश को पास के जंगल में ले गया। वहां उसने मारेश का गला काट दिया और उसके खून को पी गया।

मारेश की शिकायत पर विजय गिरफ्तार

जॉन ने अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाया। गनीमत रही कि गला कटने के बाद भी मारेश की जान बच गई। इलाज के लिए उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। मारेश द्वारा दर्ज कराए गए शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय को गिरफ्तार किया है। स्थानीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना की जांच शुरू की गई थी। इसी दौरान पीड़ित मारेश के बारे में पता चला। पीड़ित ने लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर FIR दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है।