लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान लेह में बुधवार को हुई हिंसा के मामले में पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को गिरफ्तार किया गया है। वांगचुक पर भीड़ को हिंसा के लिए उकसाने के आरोप लगे हैं।
Leh Violence: केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। बुधवार को लेह में उग्र विरोध प्रदर्शन हुए थे। इसके चलते 4 लोगों की मौत हुई और 70 से अधिक घायल हो गए। वांगचुक पर लोगों को हिंसा के लिए भड़काने के आरोप लगे हैं। उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत लेह पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
लेह में लगा है कर्फ्यू
सोनम वांगचुक पर लद्दाख के लिए राज्य का दर्जा मांग रहे प्रदर्शनकारियों को उकसाने के आरोप लगे हैं। बुधवार को हुई झड़पों के बाद अधिकारियों ने लेह में कर्फ्यू लगा दिया है। करीब 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
सरकार ने सोनम वांगचुक को अशांति के लिए ठहराया जिम्मेदार
सरकार ने अशांति के लिए वांगचुक को दोषी ठहराया है। आरोप लगाया कि उनके "भड़काऊ बयानों" और अधिकारियों और लद्दाखी प्रतिनिधियों के बीच चल रही बातचीत से नाराज "राजनीति से प्रेरित" समूहों की कार्रवाइयों ने प्रदर्शनकारियों को उकसाया है। गृह मंत्रालय ने आरोप लगाया कि वांगचुक ने अरब स्प्रिंग और नेपाल जेन जेड विरोध प्रदर्शन का हवाला दिया। इससे भीड़ आक्रोशित हुई।
यह भी पढ़ें- Leh Violence: लेह में कर्फ्यू जारी, दो दिन तक बंद रहेंगे सारे स्कूल,कॉलेज, 50 से ज्यादा लोग हिरासत में
सोनम वांगचुक ने 10 सितंबर को शुरू किया था भूख हड़ताल
बता दें कि लद्दाख पहले जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा था। 5 अगस्त 2019 को धारा 370 हटाया गया और जम्मू-कश्मीर को केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया। लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया। उस समय लद्दाख ने जम्मू-कश्मीर से अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाए जाने का स्वागत किया। बाद में यहां पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गए।
वांगचुक ने 10 सितंबर को लद्दाख के लिए संवैधानिक गारंटी, अधिक स्वायत्तता, राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू किया था। उनके साथ 14 और लोगों ने भूख हड़ताल किया। इनमें से दो लोगों को स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद लेह एपेक्स बॉडी (एलएबी) की युवा शाखा ने बुधवार को बंद का आह्वान किया और विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। प्रदर्शनकारियों ने लेह स्थित भाजपा ऑफिस में आग लगा दी। कई गाड़ियों को जलाया गया। लेह में हुई हिंसा के बाद बुधवार को सोनम वांगचुक ने भूख हड़ताल खत्म कर दिया था।
यह भी पढ़ें- लद्दाख संघर्ष पर केंद्र सख्त, और गिरफ्तारियां होंगी; CBI ने जांच तेज की
