उत्तर प्रदेश में मॉब लिंचिंग की बढ़ती घटनाओं को देख बसपा सुप्रीमो मायावती ने चिंता जताते हुए राज्य सरकार से मॉब लिंचिंग के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की है।

नई दिल्ली. बहुजन समाजवादी पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को मॉब लिंचिंग के खिलाफ कड़े कानून बनाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अपने ट्वीटर हैंडल पर मायावती ने लिखा कि यूपी में मॉब लिंचिंग अब अपने नए भयावह रूप में यहां की निर्दोष महिलाओं को अपना शिकार बना रहा है। इस संबंध में बच्चा चोरी के आरोप में बेगुनाह महिलाओं को प्रताड़ित/हत्या करने से लोगों में दहशत है। राज्य सरकार ऐसे गलत तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करे तो बेहतर है।

उप्र में महिलाओं की मॉब लिंचिंग की घटनाएं सामने आईं

ताजा घटना उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की है जहां रामलीला ग्राउंड में एक महिला पर बच्चा चोरी का आरोप लगा कर भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने महिला को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि पीड़ित महिला अपने पोते के साथ लोनी बाजार आई थी और जनता ने गलत सूचना फैला कर महिला की पिटाई कर दी। भीड़ ने महिला पर बच्चा चोरी का एक फर्जी वीडियो देखकर हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

ऐसी ही एक घटना उत्तर प्रदेश के शामली की सामने आई थी जिसमें पांच महिलाओं के समूह को भीड़ ने बच्चा चोरी गैंग समझ कर पीट दिया था। महिलाओं ने बताया कि वे गुजरात से अपना सामान बेंचने आई थी। जहां भीड़ ने बच्चा चोर समझ कर उनकी पिटाई कर दी।