दिल्ली एमसीडी चुनाव (MCD polls) में आप ने 134 सीटें जीतकर भाजपा के 15 साल के राज को खत्म कर दिया है। बीजेपी को 104 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस डबल डिजिट तक भी नहीं पहुंच पाई और 9 सीटों पर सिमट गई। 

नई दिल्ली। दिल्ली एमसीडी चुनाव (MCD polls) में आम आदमी पार्टी (AAP) को स्पष्ट बहुमत मिला है। इसके साथ ही दिल्ली नगर निकाय में 15 साल से चल रहे भाजपा का राज खत्म हो गया है। 250 सीटों के लिए हुए चुनाव में आप को 134 और बीजेपी को 104 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस डबल डिजिट तक भी नहीं पहुंच पाई और 9 सीटों पर सिमट गई। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चुनाव में जीत मिलने के बाद आप प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सफाई करने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग मांगा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनका आशीर्वाद मांगा है। केजरीवाल ने कहा कि जनता ने उन्हें दिल्ली की सफाई करने, भ्रष्टाचार खत्म करने और पार्कों को ठीक करने का काम दिया है। 

दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि 15 साल बाद भी पार्टी ने अपने काम के आधार पर अपना वोट शेयर बरकरार रखा है। वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने ट्वीट कर लगातार चौथी बार पार्टी को इतनी सीटें देने के लिए जनता को धन्यवाद दिया है।

गौरतलब है कि वोटों की गिनती बुधवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। शुरुआती रूझान भाजपा के पक्ष में रहे। एक वक्त बीजेपी 107 सीटों पर और आप 95 सीटों पर आगे चल रही थी, लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, आप ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए 17 केंद्रीय मंत्रियों सहित कई शीर्ष नेताओं को तैनात किया था, लेकिन वह अपनी सत्ता बचा नहीं पाई।

भगवंत मान बोले- असली झाडू अब चलेगा
अपने पक्ष में नतीजे आने की शुरुआत के साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री और आप नेता भगवंत मान अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आप नेता राघव चड्ढा भी केजरीवाल के आवास पर पहुंच गए। इसके बाद सभी नेता आप ऑफिस गए। आप ऑफिस में भगवंत मान ने कहा कि "असली झाडू अब चलेगा।" 

यह भी पढ़ें- MCD Polls: आप की जीत पर बोले केजरीवाल, दिल्ली की सफाई के लिए चाहता हूं प्रधानमंत्री का आशीर्वाद

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चुनाव में जीत के लिए जनता को धन्यवाद दिया। पार्टी कार्यालय में समर्थकों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। हमें दिल्ली की स्थिति में सुधार करना है। हमें भाजपा और कांग्रेस के सहयोग की भी जरूरत है। हमें केंद्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- MCD polls: मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के क्षेत्र में बीजेपी को मिली बड़ी जीत