मौसम विभाग ने खराब मौसम के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। वैसे हिका के गुजरात की ओर आने की आशंका नहीं है लेकिन इससे राज्य के तट पर प्रचंड हवा चलेगी। 

अहमदाबाद. अरब सागर में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवाती तूफान ‘हिका’ तेज हो गया है। फलस्वरूप गुजरात के तट पर प्रचंड हवा चलेगी। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को यह बात कही। मौसम विभाग ने खराब मौसम के मद्देनजर मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है। वैसे हिका के गुजरात की ओर आने की आशंका नहीं है लेकिन इससे राज्य के तट पर प्रचंड हवा चलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अरब सागर में दबाव बनने से चक्रवाती तूफान मजबूत 
रविवार सुबह उत्तर पूर्व और उससे लगे पूर्व मध्य अरब सागर में गहरे दबाव का क्षेत्र बनने से चक्रवाती तूफान हिका पश्चिम की ओर थोड़ा आगे बढ़ने के बाद मजबूत हो गया। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को साढ़े ग्यारह बजे हिका गुजरात के वेरावल के पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में करीब 490 किलोमीटर, पाकिस्तान के कराची के दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में 520 किलोमीटर तथा ओमान के मासिराह के पूर्व-दक्षिण पूर्व में 710 किलोमीटर की दूरी पर था।

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह 
विभाग ने कहा, ‘‘ गहरे दबाव के कारण बुधवार को तड़के उसके पश्चिम की ओर थोड़ा आगे बढ़ने और 19 डिग्री उत्तर और 20 डिग्री उत्तर के बीच ओमान तट को पार करने की संभावना है। अगले 24 घंटे के दौरान उसके और तेज होने तथा फिर क्रमिक ढंग से कमजोर होने की संभावना है।’’ चक्रवात से गुजरात तट पर अगले 12 घंटे के दौरान 30-40 किलोमटर प्रति घंटे से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक तेज हवा चलेगी। समुद्र में स्थिति बहुत खराब रहेगी, ऐसे में मछुआरों को बुधवार तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी जाती है।
(यह खबर न्यूज एजेंसी पीटीआई भाषा की है। एशियानेट हिंदी की टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)