बारिश और बाढ़ के चलते उत्तर भारत में 100 से अधिक लोगों की मौत हुई है। हिमाचल प्रदेश में 80 लोगों की जान गई है। भूस्खलन और फ्लैस फ्लड से हिमाचल प्रदेश में बहुत से रास्ते बंद हो गए हैं। इसके चलते पर्यटक फंस गए हैं।

नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून (Monsoon) के चलते हुई भारी बारिश और बाढ़ आने से 100 से अधिक लोग मारे गए हैं। हिमाचल प्रदेश में 80 लोगों की जान गई है। बारिश, भूस्खलन और फ्लैस फ्लड के चलते हिमाचल प्रदेश में बहुत से रास्ते बंद हो गए हैं, जिससे पर्यटक फंस गए हैं। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण लगभग 300 लोग (जिनमें ज्यादातर पर्यटक हैं) ऊंचे इलाकों में फंसे हुए हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पंजाब और हरियाणा में भारी बारिश के चलते 15 लोगों की जान गई है। उत्तराखंड में पिछले 24 घंटों में भूस्खलन के चलते 9 तीर्थयात्रियों की मौत हुई है और 13 अन्य घायल हुए हैं। उत्तराखंड के 4 जिलों (नैनीताल, चंपावत, उधम सिंह नगर और पौढ़ी गढ़वाल) के लिए भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने हरिद्वार, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर गई है। जलस्तर खतरनाक रूप से 207.49 मीटर के निशान को छूने के करीब है। यह 1978 के बाद से सबसे अधिक है। यमुना नदी के किनारे के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। पुराने यमुना पुल पर सड़क और रेल यातायात बंद कर दिया गया है। बारिश संबंधी घटनाओं में दिल्ली में पांच लोगों की मौत हुई है।

पंजाब और हरियाणा में 15 की मौत

कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण पंजाब में आठ लोगों की मौत हो गई है। वहीं, हरियाणा में सात लोगों की जान गई है। पंजाब के संगरूर में घग्गर नदी पर बना बांध टूट गया है। घग्गर का जलस्तर खतरे के निशान से दो फीट ऊपर है। यह लगातार बढ़ रहा है। पिछले दो दिनों से प्रशासन स्थिति पर नजर रखने के लिए घग्गर के किनारे तैनात है। मौके पर स्थानीय किसान भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- Heavy Rain Warning: पूर्वोत्तर भारत सहित बिहार, मध्य प्रदेश और यूपी में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल में हुआ 1,050 करोड़ का नुकसान

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते 80 लोगों की मौत पिछले 92 घंटे में हुई है। मूसलाधार बारिश से 79 घर नष्ट हो गए है। 333 घरों को नुकसान हुआ है। बाढ़ के कारण राज्य को करीब 1,050 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। राज्य में 41 स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं। एक स्थान पर बादल फटा है। 29 जगहों पर फ्लैस फ्लड आए हैं।