Monsoon Rains: पूर्वोत्तर में दो दिन हुई भीषण बारिश ने कहर ढाया है। पहाड़ दरक गए हैं। भूस्खलन और बाढ़ ने 25 लोगों की जान ली है। असम के गुवाहाटी में बाढ़ की स्थिति है।

Monsoon: पूर्वोत्तर में पिछले दो दिनों में भारी बारिश हुई है। इसके चलते बहुत सी जगहों पर भूस्खलन हुआ है। अचानक आई बाढ़ ने तबाही मचाई है। बाढ़ और भूस्खलन के चलते कम से कम 25 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

असम: असम की राजधानी गुवाहाटी का बड़ा हिस्सा बाढ़ की चपेट में है। सुरक्षा बलों के जवान यहां आम लोगों की जान बचा रहे हैं। भूस्खलन के कारण कई घर मलबे में दब गए हैं। इसके चलते एक ही परिवार के तीन सदस्य की मौत हुई है। भारी बारिश के चलते ढलानें कमजोर हो गईं हैं। बाढ़ ने गोलाघाट में दो और लखीमपुर में एक सहित तीन और लोगों की जान ले ली।

अरुणाचल प्रदेश: अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ के पानी में एक वाहन के बह जाने से सात लोगों की मौत हुई है। एक अन्य घटना में दो लोग डूब गए, जिससे राज्य में मरने वालों की संख्या 9 हो गई।

मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय: पिछले 24 घंटों में मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में 8 लोगों की मौत बाढ़ और भूस्खलन के चलते हुई है।

मणिपुर: मणिपुर में 3 दिनों से लगातार बारिश हो रही है। इसने राजधानी इंफाल सहित पूरे राज्य में जन जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। इंफाल के कई इलाकों में जलभराव हुआ है। इंफाल नदी के बाढ़ के मैदानों के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।

सिक्किम: भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हुआ है। उत्तरी सिक्किम के विभिन्न भागों में लगभग 1,500 पर्यटक फंस गए हैं।

मौसम विभाग ने दी भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारी बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है। असम के कुछ हिस्सों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया या है। पूर्वोत्तर के बाकी हिस्सों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट है। असम के 17 जिले बाढ़ और भूस्खलन से करीब 78 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। 1200 से अधिक लोगों को 5 अलग-अलग राहत केंद्रों में रखा गया है। लखीमपुर जिला सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। यहां के 41,600 लोग प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ प्रभावित असम में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है तथा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन सेवाओं की टीमें निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।