Delhi Weather: इस बार दिल्ली में सामान्य से 41% ज्यादा बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर में औसत से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

Delhi Weather: इस साल दिल्ली में मानसून दो दिन देरी से आया और एक दिन पहले ही विदा हो गया। मौसम विभाग ने इसकी जानकारी बुधवार को दी। इस बार मानसून 27 जून के बजाय 29 जून को दिल्ली पहुंचा। सामान्य तौर पर मानसून की वापसी 25 सितंबर को होती है, लेकिन इस साल यह जल्दी विदा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछली बार दिल्ली में 2002 में मानसून 20 सितंबर को और 2024 में 2 अक्टूबर को विदा हुआ था। समय से पहले विदाई के बावजूद, इस साल दिल्ली में अच्छी बारिश दर्ज की गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उमस भरी गर्मी का करना पड़ेगा सामना

दिल्ली-एनसीआर में 26 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रहने की संभावना है। शाम और रात के समय हवा की गति कम होकर पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटा से कम हो जाएगी। 27 सितंबर को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, लेकिन उस दिन भी बारिश की संभावना नहीं है। इससे लोगों को थोड़ी उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इस साल दिल्ली में मानसून के दौरान सामान्य से 41% ज्यादा बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर मानसून के चारों महीने में औसत से ज्यादा बारिश हुई, जो काफी कम देखने को मिलता है। इस साल दिल्ली में कुल 902.6 मिमी बारिश हुई है।

यह भी पढ़ें: CBSE Exams 2026: कब होगी 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं? डेट जारी, जानें जरूरी बातें

इन राज्यों में भारी बारिश की आशंका

IMD के अनुसार, उत्तरी ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा गंगीय पश्चिम बंगाल के आसपास एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। 25 सितंबर के आस-पास उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इससे ओडिशा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।