ऑपरेशन सिंदूर पर लोकसभा में चर्चा के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि चीन राक्षस है। उससे सावधान रहना चाहिए। सरकार रक्षा बजट को GDP के 3% तक ले जाए।
Parliament Monsoon Session: ऑपरेशन सिंदूर पर संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को दूसरे दिन लोकसभा में चर्चा हुई। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने विदेश नीति को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए। उन्होंने चीन को लेकर चेताया। पढ़ें अखिलेश यादव के भाषण की 20 मुख्य बातें...
लोकसभा में अखिलेश यादव के भाषण की 20 मुख्य बातें
1-'मैं भारत की सेना को आभार देना चाहता हूं। दुनिया की साहसी फौजों में गिनती अगर होती है तो हमारी भारत की सेना सबसे आगे दिखाई देती है। उनके पराक्रम पर हम सबको गर्व है। हमें अपनी फौज पर गर्व है।'
2- 'हमें इस बात पर भी गर्व है कि जब सेना ने अपना ऑपरेशन शुरू किया तो पाकिस्तान के जितने भी आतंकी कैंप हैं, उनपर अटैक किया गया। पाकिस्तानी एयरबेस तक पहुंच गए। उनको भी नष्ट किया।'
3- 'जब हमारी फौज पाकिस्तान को हमेशा के लिए एक पाठ पढ़ा सकती थी, एक संदेश जाता कि पाकिस्तान भविष्य में कभी हिम्मत नहीं जुटा पाता। सरकार आखिरकार पीछे कैसे हट गई? क्या कारण था कि सरकार को सीज फायर का ऐलान करना पड़ा?'
4- 'हमें उम्मीद थी कि सरकार सीज फायर करेगी, सरकार ऐलान करेगी, लेकिन इनकी मित्रता बहुत है। इसका परिणाम है कि इन्होंने अपने मित्र (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप) से कहा कि आप ही सीज फायर का ऐलान कर दीजिए। हमारी कोई जरूरत नहीं है। हम सीज फायर आपसे ही स्वीकार कर लेंगे। किस दबाव में ये सरकार स्वीकार कर रही है?'
5- 'हम सब मिलकर कोई ऐसी नीति/रणनीति बनाते क्यों नहीं है, जिससे सीमाएं हमेशा शांत रहें। पहलगाम की घटना ने साबित कर दिया है कि लापरवाही देशवासियों की जान ले सकती है।'
6- 'जिस दिन पहलगाम में हमला हुआ, पर्यटक पूछ रहे थे कि कोई हमारी रक्षा के लिए क्यों नहीं था। जिस समय घटना हुई, उन्हें बचाने वाला कोई क्यों नहीं था।'
7- 'वहां लोग सरकार के भरोसे पर गए थे। सुरक्षा में हुई चूक, जिम्मेदारी कौन लेगा?
8- 'पहलगाम की घटना हमारी इंटेलिजेंस फेलियर की वजह से हुई है। मैदान खुला छोड़ दिया। सरकार को बताना चाहिए कि वह भविष्य में ऐसा घटना रोकने के लिए क्या कदम उठा रही है।'
9- 'पहलगाम से पहले पुलवामा में हुई घटना के समय भी कहा गया था कि इंटेलिजेंस फेलियर हुआ है। सरकार जवाब दे कि इंटेलिजेंस फेलियर क्यों हुआ है?'
10- 'ऑपरेशन सिंदूर का जो प्रचार किया गया वह निंदनीय है। सच तो यह है कि ऑपरेशन सिंदूर सरकार की विफलता का प्रतीक है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान विदेशी लोगों ने दावा किया कि उन्होंने उसे रुकवाया है। किसने रुकवाया? इससे हमारी संप्रभुता खंडित हुई है।
11- 'देश की विदेश नीति पूरी तरह फेल है। पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर पर किसी भी देश ने हमारा साथ नहीं दिया। ये हमारी विदेश नीति का संकट काल है।'
12- 'हमारे पड़ोसी देश या तो अतिक्रमण कर रहे हैं या हमारे साथ नहीं खड़े हैं। सरकार जवाब दे कि पाकिस्तान के पीछे कौन सा देश खड़ा है।'
13- 'हमें चीन से उतना ही खतरा है, जितना आतंकवाद से है। सरकार की जो नीतियां हैं, जो फैसले हैं, वो कहीं न कहीं ऐसे हैं जो हमारी सीमा पर अतिक्रमण करने वाले की व्यापारिक मदद करते हैं।'
14- 'सरकार को अपनी राजनैतिक, आर्थिक और सामाजिक नीतियों के लिए FIR लाने की जरूरत है। वो हर बार यह कहकर नहीं बच सकती कि चूक हुई है।'
15- 'पाकिस्तान से जुड़ी हमारी सीमाओं पर हमेशा आतंकवाद का खतरा रहता है। दूसरी सीमाएं जो हैं उनसे भी हमारे देश को लगातार खतरा बढ़ रहा है। गलवान से पहले की स्थिति नहीं लौटी है।'
16- 'चीन ने भारतीय वाहन निर्माताओं के लिए आवश्यक दुर्लभ खनीजों की आपूर्ति रोक दी है। जहां हम आत्मनिर्भर होने का नारा दे रहे हैं वहीं, किसपर निर्भर होते जा रहे हैं इसपर भी विचार करना चाहिए।'
यह भी पढ़ें- Operation Sindoor: 'पाकिस्तान के पास हमारी शरण में आने के सिवा नहीं था कोई चारा'
17- हमें चीन से सावधान रहना पड़ेगा। इस सरकार को आतंकवाद और पाकिस्तान को लगाम लगाने के लिए 10-15 साल का ऐसा फैसला लेना चाहिए, जिससे चीन से कारोबार कम होता चला जाए।'
18- 'अगर हमें पाकिस्तान से खतरा है तो चीन राक्षस है। वो हमारी जमीन और हमारे बाजार दोनों को ले रहा है।'
19- 'सरकार अपने अग्निवीर कार्यक्रम को वापस ले।'
20- ‘रक्षा बजट बढ़ाना चाहिए। इसे कम से कम GDP का तीन फीसदी होना चाहिए।’
