संसद में घुसपैठ की साजिश में 6 लोग शामिल थे। इनमें से पांच बाहर से आए थे और गुरुग्राम में ललित झा नाम के आदमी के घर में एक साथ ठहरे थे। 

नई दिल्ली। संसद में बुधवार को हुई घुसपैठ (Parliament security breach) के मामले में जांच चल रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस साजिश में छह लोग शामिल थे। पांच लोग दिल्ली के बाहर के थे। वे गुरुग्राम पहुंचे थे और एक आरोपी के घर ठहरे थे। संसद में घुसपैठ करने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इन्हें मदद करने वाले विक्की शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक आरोपी अभी फरार है। उनकी तलाश चल रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जिन चार लोगों ने संसद में घुसपैठ की उनमें से दो दर्शक दीर्घा में पहुंचे थे। वहां से वे लोकसभा कक्ष में कूद गए और जूते में छिपाकर लाए गए कनस्तर से पीला धुंआ छोड़ा। वहीं, एक महिला और एक पुरुष ने संसद परिसर में पीला धुंआ छोड़ा व नारेबाजी की। इन चारों को पकड़ा गया है।

एक दूसरे को पहले से जानते थे चारों

लोकसभा कक्ष में घुसने वाले दो लोगों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है। वहीं, संसद परिसर में घुसकर नारेबाजी करने वाली महिला की पहचान नीलम और उसके साथ मौजूद पुरुष की पहचान अनमोल के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच से पता चला है कि चारों एक दूसरे को जानते थे। वे सोशल मीडिया पर संपर्क में रहते थे। इन्होंने दो और लोगों के साथ मिलकर संसद में घुसपैठ की साजिश रची थी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार संसद में घुसपैठ की साजिश में शामिल पांच लोग बाहर से दिल्ली आए थे। वे गुरुग्राम में ललित झा नाम के व्यक्ति के घर में रुके थे।

जानें घुसपैठियों के बारे में

सागर शर्मा- सागर शर्मा कर्नाटक का रहने वाला है। उसके पिता का नाम शंकरलाल शर्मा है। वह मैसूरु से सांसद प्रताप सिम्हा के गेस्ट के रूप में संसद के दर्शक दीर्घा में पहुंचा था।

मनोरंजन डी.- 35 साल का मरोरंजन डी कर्नाटक के मैसूर का रहने वाला है। उसने बेंगलुरु के विवेकानंद विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। सागर शर्मा और मनोरंजन डी ने दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में छलांग लगाई थी। दोनों को सांसदों ने पकड़ा और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया।

नीलम- नीलम हरियाणा की है। वह हिसार में पीजी में रहकर हरियाणा सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही थी। उसने संसद परिसर में नारेबाजी की।

यह भी पढ़ें- घुसपैठिए के पिता ने कहा, 'संसद की सुरक्षा का उल्लंघन करने पर नहीं मिल सकती माफी, पता नहीं बेटे ने ऐसा क्यों किया', (WATCH)

अनमोल- अनमोल महाराष्ट्र के लातूर जिले का है। उसने भी संसद परिसर में हंगामा किया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि न तो नीलम और न ही अनमोल के पास मोबाइल फोन था। उनके पास कोई बैग या पहचान पत्र नहीं था।

यह भी पढ़ें- संसद की सिक्यूरिटी में चूक: विजिटर गैलरी से कूदे 2 लोग, बाहर लड़की ने लगाया तानाशाही बंद करो का नारा-Watch Video