राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किसान परिवार में जन्में सतनाम सिंह संधू को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। वह देश के प्रमुख शिक्षाविदों में से एक हैं। 

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सतनाम सिंह संधू (Satnam Singh Sandhu) को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सतनाम सिंह का जन्म किसान परिवार में हुआ था। वह देश के प्रमुख शिक्षाविदों में से एक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मनोनीत किए जाने पर खुशी जताई है।

पीएम ने एक्स पर पोस्ट किया, "मुझे खुशी है कि राष्ट्रपति जी ने सतनाम सिंह संधू को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। सतनाम सिंह प्रसिद्ध शिक्षाविद् और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह जमीनी स्तर पर लोगों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रीय एकता को आगे बढ़ाने के लिए काम किया है। मैं उन्हें उनकी संसदीय यात्रा के लिए शुभकामनाएं देता हूं। मुझे विश्वास है कि राज्यसभा की कार्यवाही उनके विचारों से समृद्ध होगी।"

Scroll to load tweet…

सतनाम सिंह ने 2001 में रखी थी चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की नींव

बता दें कि सतनाम सिंह को शिक्षा प्राप्त करने के लिए संघर्ष करना पड़ा था। उन्होंने 2001 में मोहाली के लांडरां में चंडीगढ़ ग्रुप ऑफ कॉलेजेज (सीजीसी) की नींव रखी थी। सतनाम ने विश्व स्तरीय शैक्षणिक संस्थान के निर्माण को अपने जीवन का मिशन बनाया था। उन्होंने 2012 में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का गठन किया। इसे 2023 में क्यूएस वर्ल्ड रैंकिंग में एशिया के निजी विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान मिला।