विधानसभा चुनाव से पहले छुट्टी पर बैंकॉक गए राहुल गांधी को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने तंज कसा है। उन्होंने कहा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) आधा खाली हो चुकी है और चुनाव बाद में पूरी तरह से खाली हो जाएगी।

मुंबई. महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले छुट्टी पर बैंकॉक गए राहुल गांधी को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने तंज कसा है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "चुनाव में राहुल गांधी की नामौजूदगी से यह नजर आ रहा कि कांग्रेस और एनसीपी ने चुनाव में अपनी हार मान ली है।"

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) आधा खाली हो चुकी है और चुनाव बाद 24 अक्टूबर को नतीजों में पूरी तरह से खाली हो जाएगी।

देश के विकास के लिए कटिबद्ध हैं मोदी

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकास को सही दिशा दी। महाराष्ट्र के साथ ही देशभर के विकास के लिए कटिबद्ध हैं। अमेरिका दौरे में प्रेजिडेंट डोनाल्ड ट्रम्प और उनके मंत्रिमंडल के तमाम नेताओं ने डेढ़ घंटे तक मोदी का भाषण सुना, वहां मौजूद हजारों की जनता साक्षी है। इसके बाद प्रभावित होकर अमेरिकी प्रेजिडेंट ने मोदी को ग्लोबल लीडर माना। अब भारत को महाशक्ति होने से कोई रोक नहीं सकता। यह सब केवल मोदी की वजह से संभव हो पाया है।"

नहीं बंद होगी कर्जमाफी योजना

मुख्यमंत्री ने कहा, "महाराष्ट्र में 50 लाख किसानों को कर्जमाफी का फायदा मिला। जब तक आख़िरी किसान को इसका लाभ नहीं मिलता, कर्जमाफी की योजना बंद नहीं की जाएगी। कांग्रेस और एनसीपी की सरकार ने राज्य में सिंचाई परियोजनाओं के जरिए अपनी तिजोरी भरी। भाजपा-शिवसेना सरकार ने केंद्र की मदद से सिंचाई के लिए कई परियोजनाओं पर काम पूरा किया।"

देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के धुलिया में आयोजित एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।