कर्नाटक कांग्रेस के सीनियर नेता शिवशंकरप्पा ने भाजपा की महिला प्रत्याशी को लेकर कहा कि उन्हें सिर्फ एक काम आता है किचन में खाना बनाना।

बेंगलुरु। देश में इन दिनों लोकसभा चुनाव 2024 चल रहे हैं। इस बीच कर्नाटक कांग्रेस के सीनियर नेता और विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा ने एक ऐसा बयान दिया है, जिससे बवाल मच गया है। इसे महिलाओं का घोर अपमान कहा जा रहा है। शिवशंकरप्पा ने कर्नाटक की दावणगेरे संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार मौजूदा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जीएम सिद्धेश्वर की पत्नी गायत्री सिद्धेश्वर के संबंध में बयान देकर विवाद खड़ा किया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक में शिवशंकरप्पा बोल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गायत्री की योग्यताओं को लेकर सवाल किए। उन्होंने कहा कि गायत्री के पास जनता की समस्याओं को सुलझाने की क्षमता नहीं है।

शिवशंकरप्पा बोले- उन्हें सिर्फ खाना बनाना आता है

शिवशंकरप्पा ने कहा, "जैसा कि आप सब जानते हैं वह चुनाव जीतकर मोदी को कमल का फूल देना चाहती थीं। पहले उन्हें दावणगेरे की समस्याओं को समझने दीजिए। हमने (कांग्रेस) इलाके में विकास के काम किए हैं। बात करना आना एक बात है, लेकिन वह सिर्फ किचन में खाना बनाना जानती हैं। विपक्षी पार्टी में जनता के सामने बात करने की ताकत नहीं है।"

92 साल के शिवशंकरप्पा दावणगेरे दक्षिण सीट से पांच बार विधायक चुने गए हैं। वह पार्टी के सबसे वृद्ध विधायक हैं। उनकी बहू प्रभा मल्लिकार्जुन आगामी चुनावों के लिए इस सीट के लिए कांग्रेस की पसंद हैं।

यह भी पढ़ें- IT के नोटिस पर भड़के राहुल गांधी, बोले- 'सरकार बदलेगी तो... ये मेरी गारंटी है'

भाजपा ने चुनाव आयोग में की शिकायत

भाजपा ने कांग्रेस विधायक के खिलाफ चुनाव आयोग में उनके बयान के चलते शिकायत की है। अपने खिलाफ शिवशंकरप्पा के बयान पर गायत्री ने कहा कि आज कोई ऐसा काम नहीं है जिसे महिलाएं नहीं कर रहीं हैं। गायत्री ने कहा, “वह कहते हैं कि हमें सिर्फ किचन में रहना चाहिए और खाना बनाना चाहिए। आज किस पेशे में महिलाएं नहीं हैं? महिलाएं आज विमान तक उड़ा रहीं हैं। वे बुजुर्ग हैं। उन्हें पता नहीं कि महिलाओं ने कितनी प्रगति की है। वह उस प्यार को नहीं जानते जिससे महिलाएं पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों के लिए घर में खाना बनाती हैं।”

यह भी पढ़ें- पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ सीबीआई जांच की मंजूरी, ठग सुकेश चंद्रशेखर ने लगाया है 10 करोड़ रुपये उगाही का आरोप