दिल्ली के बदरपुर में एक बेटे ने कनाडा जाने की जिद में अपनी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी। बेरोजगार और नशे का आदी बेटा अपनी मां के विरोध से नाराज था।

नई दिल्ली। बेटा कनाडा जाकर बसना चाहता था, लेकिन मां ऐसा करने नहीं दे रही थी। इसी जिद में बेटे ने 50 साल की मां को चाकू से गोदकर मार डाला। घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के बदरपुर इलाके के मोलरबंद गांव की है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को मामले की जानकारी दी। आरोपी 31 साल का कृष्णकांत है। उसने 6 नवंबर को अपनी मां को मार डाला। इसके बाद 52 साल के अपने पिता सुरजीत सिंह को फोन कर घर बुलाया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मां की हत्या कर बेटे ने पिता से कहा सॉरी

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) रवि कुमार सिंह ने बताया कि जब सुरजीत सिंह घर पहुंचे तो कृष्णकांत ने उनसे सॉरी कहा। उसने कहा कि ऊपर जाकर देख लीजिए कि मैंने क्या किया है। जब सुरजीत घर की पहली मंजिल पर पहुंचे तो देखा कि उनकी पत्नी गीता जमीन पर खून से लथपथ पड़ी है। कई बार चाकू गोदे जाने के चलते उसका शरीर छलनी हो गया था। इस दौरान आरोपी भाग निकला। सुरजीत तुरंत गीता को अपोलो हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बेरोजगार और ड्रग एडिक्ट है कृष्णकांत

डीसीपी ने बताया कि सुरजीत सिंह के दो बेटे हैं। उनका छोटा बेटा 27 साल का साहिल भोली बैंक में काम करता है। कृष्णकांत बेरोजगार और ड्रग एडिक्ट है। दोनों की शादी नहीं हुई है। घटना के वक्त घर में कृष्णकांत और गीता ही थे।

कृष्णकांत जाना चाहता था कनाडा, घरवाले कराना चाहते थे शादी

पुलिस ने कृष्णकांत को बाद में बदरपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान कृष्णकांत ने बताया कि वह कनाडा जाना चाहता था, लेकिन परिवार के लोग पहले उसकी शादी कराना चाहते थे।

पुलिस ने बताया कि हत्या वाले दिन मां-बेटे के बीच बहस हुई थी। कृष्णकांत ने कुछ समय पहले ही चाकू खरीदा था। उसने उसी चाकू से गीता पर वार कर दिया। सुरजीत सिंह प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उनका ऑफिस जैतपुर के टंकी रोड पर है।