सोनिया गांधी की किताब में इंदिरा गांधी और मेनका के विवाद, संजय-राजीव के रिश्तों में आई कड़वाहट और गांधी परिवार से जुड़े चौंकानेवाले खुलासे सामने आए हैं।

Sonia Ganhdi Belonging A Journey of Love: सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' मंगलवार 10 नवंबर को रिलीज हुई। अपनी इस किताब में सोनिया ने अपने और गांधी परिवार से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं। इन्हीं में से एक किस्सा छोटी बहुरानी यानी मेनका गांधी का है। सोनिया के मुताबिक, मेनका का संजय पर प्रभाव बढ़ने के साथ उनके और राजीव गांधी के रिश्तों में भी दूरी आने लगी थी। दोनों भाई पहले एक-दूसरे के बेहद करीब थे, लेकिन बाद में उनके संबंधों में कड़वाहट आ गई।

मार्च 1977 में इमरजेंसी खत्म होने के तुरंत बाद हुए चुनाव में कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इंदिरा गांधी रायबरेली से और संजय गांधी अमेठी से चुनाव हार गए। इमरजेंसी के दौरान संजय की भूमिका को लेकर काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद उन्होंने इंटरव्यू में नौकरशाही के कामकाज पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। उनकी कुछ टिप्पणियों को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की आलोचना के तौर पर भी देखा गया।

जब इंदिरा गांधी ने कहा, अभी से मेनका के पर निकलने लगे हैं

  • सोनिया लिखती हैं कि कांग्रेस के कुछ गुट संजय की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का समर्थन कर रहे थे। यह बात इंदिरा गांधी को पसंद नहीं थी।
  • उन्हें लगता था कि मेनका संजय को शांत करने के बजाय उनकी गतिविधियों को और बढ़ावा दे रही हैं।
  • सोनिया के मुताबिक, इंदिरा गांधी ने कैबिनेट सचिव पी.एन. धर से मेनका के बारे में कहा था कि अभी से उनके पर निकलने लगे हैं।

चुनावी हार के लिए राजीव गांधी ने संजय को ठहराया जिम्मेदार

  • सोनिया गांधी के अनुसार, 1978 के चुनावों के खराब नतीजों के लिए राजीव गांधी ने संजय को जिम्मेदार माना था।
  • राजीव का मानना था कि संजय की जिद, जल्दबाजी और बिना सही सलाह लिए फैसले करने की आदत ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया।
  • किताब में सोनिया ने परिवार के बीच हुई एक बातचीत का भी जिक्र किया है।
  • उनके मुताबिक, राजीव ने संजय से नाराजगी जताते हुए कहा था कि वह उन्हें माफ नहीं कर सकते, क्योंकि उनके कारण इंदिरा गांधी को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
  • इस दौरान इंदिरा गांधी ने भी राजीव की बात का समर्थन किया। उन्होंने संजय से कहा कि उन्होंने कई बार उनकी जानकारी के बिना आदेश जारी किए थे।
  • सोनिया के मुताबिक, मेनका ने इस बातचीत के बीच कुछ कहने की कोशिश की, लेकिन इंदिरा गांधी ने उन्हें अपनी बात साबित करने की चुनौती दी।
  • इसके बाद मेनका पीछे हट गईं, लेकिन परिवार के प्रति उनकी नाराजगी और बढ़ गई।

मेनका परिवार के लोगों को अपना दुश्मन समझने लगीं

सोनिया लिखती हैं कि मेनका की तंज भरी टिप्पणियां लगातार परेशानी का कारण बन रही थीं। उन्हें लगता था कि मेनका परिवार के लोगों को अपना दुश्मन समझने लगी थीं। सोनिया ने आरोप लगाया कि मेनका अपने संपर्क वाले पत्रकारों के जरिए उनके और राजीव के बारे में कई तरह की बातें फैलवा रही थीं।

मेनका की किस बात ने सोनिया को किया सबसे ज्यादा आहत

इनमें सबसे ज्यादा दुख उन्हें उस खबर से हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि चुनाव हारने के बाद राजीव और सोनिया देश छोड़कर भागने की योजना बना रहे हैं। सोनिया ने इसे पूरी तरह झूठा बताया है।