Bihar Crime News: पुलिस के मुताबिक, घटना की शिकायत मिलने के महज 5 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया गया है।

Rohtas Crime News: बिहार के रोहतास जिले में 19 साल की युवती के अपहरण और गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक ऑटो चालक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पहले लड़की को ऑटो में बैठाया और फिर उसे दूसरे जिले में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को वापस छोड़ने आए, लेकिन उसकी सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से मुख्य आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए शिकायत मिलने के महज पांच घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो भी बरामद कर लिया गया है।

कौन हैं गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी?

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी 41 वर्षीय जमुना राम शामिल है। वह औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र के चंदर बीघा गांव का रहने वाला है। उसके दो साथियों की पहचान 32 वर्षीय अरविंद कुमार और 42 वर्षीय नन्हक राम के रूप में हुई है। तीनों पर लड़की के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का आरोप है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बुआ के घर से लौट रही थी लड़की, ऑटो में बैठते ही बदल गया रास्ता

जानकारी के मुताबिक, पीड़िता दिवाली से पहले बंजारी स्थित अपनी बुआ के घर गई थी। मंगलवार शाम वह वहां से तिलौथू लौट रही थी। इसी दौरान उसने घर पहुंचने के लिए एक ऑटो रोका। ऑटो में पहले से ही दो लोग बैठे हुए थे।

आरोप है कि ऑटो चालक और उसके साथियों ने युवती को तिलौथू पहुंचाने के बजाय औरंगाबाद जिले के बारुण इलाके में पहुंचा दिया। वहां उसे एक कमरे में ले जाकर तीनों ने कथित तौर पर उसके साथ गैंगरेप किया।

वारदात के बाद वापस छोड़ने आया आरोपी, ऐसे खुला मामला

आरोप है कि वारदात के बाद ऑटो चालक युवती को वापस तिलौथू लेकर आया। उसने लड़की को एक सुनसान जगह पर छोड़ दिया और वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान पीड़िता ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने ऑटो चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में खुले साथियों के नाम, पांच घंटे में तीनों गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलौथू थाने में अपहरण और गैंगरेप की प्राथमिकी दर्ज की गई। रोहतास के एसपी राज ने बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ शुभम कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान ऑटो चालक ने अपने दोनों साथियों के नाम और उनके ठिकाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम ने औरंगाबाद में छापेमारी कर अरविंद कुमार और नन्हक राम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया है। एसपी के मुताबिक, शिकायत मिलने के पांच घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।