असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने ब्रेक फेल होने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच की मांग की।
असम के कामरूप में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन के पास कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल से सामने आए विजुअल्स में ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे हुए दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि ट्रेन का इंजन और कई डिब्बे पटरी से उतर गए थे, जबकि कुछ डिब्बे पास के गड्ढे में भी जा गिरे। एक प्रत्यक्षदर्शी ने दावा किया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि ट्रेन का ब्रेक करीब 10 से 12 किलोमीटर पहले फेल हो गया था और आगे खराब ट्रैक पर ट्रेन पहुंच गई। हालांकि, ब्रेक फेल होने की वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।













