गाजा में इजरायली हमले में 3 लोगों की मौत हो गई। यह हमला सबरा में एक फैक्ट्री पर हुआ। पास के विस्थापित कैंप में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाया गया। इस घटना ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
गाजा में एक बार फिर इजरायली हवाई हमले के बाद तबाही का मंजर देखने को मिला है। मंगलवार, 10 नवंबर को गाजा सिटी के सबरा इलाके में इजरायल की एयरस्ट्राइक ने एक मेटल फैक्ट्री को निशाना बनाया। इस हमले में तीन लोगों की मौत होने की खबर है। मेडिकल अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद इलाके में धुएं का घना गुबार उठने लगा। इसी बीच पास में विस्थापित लोगों के लिए बनाए गए टेंट कैंप में भी भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठने के बाद दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और पानी की बौछारों से आग बुझाने की कोशिश की। हमले को लेकर इजरायली सेना की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। इस घटना ने एक बार फिर गाजा में विस्थापित लोगों की सुरक्षा और उनके सामने मौजूद मुश्किलों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













