SPG के डायरेक्टर अरुण कुमार सिन्हा नहीं रहे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विंग के इंचार्ज थे।

नई दिल्ली। SPG (Special Protection Group) प्रमुख अरुण कुमार सिन्हा का निधन हो गया है। 61 साल की उम्र में बुधवार सुबह दिल्ली में उनका देहांत हुआ। अरुण कुमार 1987 बैच के केरला कैडर के आईपीएस अधिकारी थे। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले विंग के इंचार्ज थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अरुण कुमार सिन्हा बीमार थे। उन्हें इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सिन्हा को लिवर संबंधी बीमारी थी। वह पिछले कई महीनों से इसका इलाज करा रहे थे।

2016 से SPG का नेतृत्व कर रहे थे अरुण कुमार सिन्हा

अरुण कुमार सिन्हा को डेप्युटेशन पर दिल्ली बुलाया गया था। उन्होंने केरल पुलिस के विशेष सेवा के ADG और ट्रैफिक ADG के रूप में काम किया था। उन्होंने BSF में एक साल तक सेवा दी। सिन्हा को मार्च 2016 में केंद्र सरकार ने SPG प्रमुख बनाया था। बेहतर सेवा को देखते हुए सरकार ने उन्हें एक साल का एक्सटेंशन दिया था।

इस साल 30 मई को एसपीजी प्रमुख के रूप में सिन्हा के रिटायर होने से ठीक एक दिन पहले पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने उन्हें एक और साल के लिए फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

1985 में हुई थी SPG की स्थापना

गौरतलब है कि SPG विशेष बल है। इसमें बेहद प्रशिक्षित कमांडो को शामिल किया जाता है। SPG भारत में सर्वोच्च सुरक्षा कवर है। इसकी स्थापना 1985 में प्रधानमंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री और उनके निकटतम परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के लिए की गई थी। बाद में SPG से जुड़े सरकारी आदेश में बदलाव किया गया। अब SPG का काम सिर्फ प्रधानमंत्री की सुरक्षा करना है।