Weather Update 8 September 2025: हिमाचल में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली-NCR में भी गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। पंजाब में बाढ़ से हालात बिगड़े हुए हैं। 

Heavy Rain Alert: देश के कई राज्यों में बारिश और बाढ़ का संकट थमने का नाम नहीं ले रहा है। राहत बनकर आई बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान में हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं। लगातार बारिश के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश में सोमवार को मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है। इस बार के मानसून में राज्य को सबसे ज्यादा नुकसान झेलना पड़ा है। 20 जून से 7 सितंबर तक भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से करीब 4,080 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अब तक 366 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल राज्य में 826 सड़कें बंद हैं, जिनमें एनएच-3 और एनएच-305 जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। 

पंजाब में भीषण बाढ़ की वजह से हालात खराब

पंजाब में भीषण बाढ़ की वजह से हालात खराब हैं। रविवार को कुछ हिस्सों में बारिश हुई, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में थोड़ी कम रही। यहां सतलुज, व्यास और रावी नदियों के उफान और मौसमी नालों की बाढ़ से सैकड़ों गांव जलमग्न हो गए। अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है और 1.76 लाख हेक्टेयर फसलें बर्बाद हो गई हैं। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने बताया कि राज्य के सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 8 सितंबर से दोबारा खुलेंगे।

यह भी पढ़ें: हॉकी एशिया कप 2025: भारत ने कोरिया को 4-1 से हराया, जानिए कौन रहा जीत का हीरो?

सोमवार को गरज के साथ बारिश का अलर्ट

दिल्ली में मौसम विभाग ने सोमवार को गरज के साथ बारिश का अलर्ट दिया है। भारी बारिश की वजह से यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया था, लेकिन रविवार रात यह घटकर 205.33 मीटर पर आ गया। जम्मू-कश्मीर में भी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। कई इलाके पूरी तरह कट गए हैं, सड़कें बंद हैं और बिजली-पानी की आपूर्ति ठप है। एनडीआरएफ और प्रशासन की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही राज्य का दौरा कर सकते हैं।