वारंगल में एक शराबी बेटे ने पैसों के विवाद में अपनी मां को जिंदा जला दिया। महिला 80% जल गई हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। आरोपी ने एक साल पहले भी मां पर हमला किया था।

Telangana Horror: तेलंगाना के वारंगल जिले के संगम मंडल के कुंतपल्ली गांव में एक व्यक्ति ने अपनी मां को जिंदा जला दिया। घटना शनिवार की है। पैसे को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी ने अपनी मां पर पेट्रोल डाला और उसे आग लगा दी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पीड़िता की पहचान 60 साल की मुत्तिनेनी विनोदा के रूप में हुई है। वह 80% जल गईं हैं। महिला का इलाज वारंगल के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वह अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहीं हैं। सबइंस्पेक्टर एल नरेश ने बताया है कि आरोपी मुत्तिनेनी सतीश शराबी है। वह अपने माता-पिता विनोदा और साम्बैया को पैसों के लिए परेशान कर रहा था।

सतीश ने एक साल पहले भी की थी मां को जलाने की कोशिश

सतीश ने एक साल पहले भी अपनी मां को जलाकर मारने की कोशिश की थी। उसने सूखी घास में आग लगाकर अपनी मां पर फेंक दिया था। तब महिला मामूली रूप से घायल होकर बच गई थी। शनिवार सुबह सतीश पेट्रोल की बोतल लेकर घर पहुंचा था। महिला सो रही थी तभी उसने उसपर पेट्रोल डाल दिया। पेट्रोल की गंध के कारण साम्बैया जाग गए। उन्होंने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक सतीश ने माचिस जलाया और आग लगा दी।

आग विनोदा के कपड़ों में लगी। पल भर में वह लपटों में घिर गई। शोरगुल सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की। उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि वह गंभीर रूप से जल गईं हैं। उनका इलाज क्रिटिकल केयर यूनिट में किया जा रहा है।

जमीन के मुआवजे में मिले पैसे को लेकर था विवाद

विनोदा और संबैया को टेक्सटाइल पार्क परियोजना के लिए सरकार द्वारा उनकी कृषि भूमि अधिग्रहित किए जाने के बाद 20 लाख रुपए का मुआवजा मिला था। इसमें से 15 लाख रुपए सतीश और उनकी बहन के बीच बराबर-बराबर बांटे गए, जबकि बाकी 5 लाख रुपए बुज़ुर्ग दंपत्ति की आजीविका के लिए बैंक में जमा कर दिए गए।

सतीश ने अपने हिस्से के पैसे का इस्तेमाल गीसुगोंडा मंडल के माचापुर गांव में अपने ससुराल के घर के पास कृषि भूमि खरीदने के लिए किया। पिछले छह महीनों में उसने अपने माता-पिता पर अधिक पैसे देने का दबाव डालना शुरू कर दिया। उनपर अपनी बहन को पैसे देने का आरोप लगाया। पुलिस ने कहा कि माता-पिता ने बार-बार समझाया कि उनके पास पैसे नहीं बचे हैं, लेकिन सतीश नहीं माना। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी।