पुलवामा में एक प्रवासी मजदूर पर आतंकियों ने गोलीबारी की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पिछले एक हफ्ते में तीसरा हमला है, जिससे दहशत का माहौल है।

जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर प्रवासी मजदूरों पर आतंकी हमले की खबर है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को पुलवामा जिले के त्राल में आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिससे एक प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि प्रवासी मजदूर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पिछले एक हफ्ते में किसी प्रवासी मजदूर पर यह तीसरा हमला है। इससे पहले रविवार को गंदरबल जिले में एक मजदूर शिविर पर आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें 6 प्रवासी मजदूरों सहित 7 लोगों की मौत हो गई थी। जम्मू-कश्मीर के एक डॉक्टर भी मृतकों में शामिल थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घायल मजदूर उत्तर प्रदेश का रहने वाला

बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में एक प्रवासी मजदूर पर आतंकवादियों ने गोलीबारी की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आतंकी हमले में घायल मजदूर उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसका नाम शुभम कुमार है। पुलिस ने बताया कि गुरुवार सुबह बाटागुंड गांव में आतंकवादियों ने यह घटना को अंजाम दिया। इस घटना में शुभम के हाथ में गोली लगी है। उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आतंकियों की तलाश जारी

इस आतंकी हमले के बाद पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर लिया है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। प्रवासी मजदूर पर हमला कर आतंकी फरार हो गए। हालांकि, आतंकियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

रविवार को गंदरबल में हुआ था आतंकी हमला

इससे पहले रविवार (24 अक्टूबर) को दो आतंकवादियों ने गंदरबल जिले के एक निर्माण स्थल पर मजदूरों के कैंप पर हमला किया था। शाम को जब मजदूर एक साथ रात का खाना खा रहे थे, तब आतंकवादियों ने यह हमला किया। आतंकवादियों ने पहले कैंप की बिजली काट दी और फिर कैंप पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में कुल सात लोग मारे गए और लगभग 6 लोग घायल हुए। मृतकों में छह प्रवासी मजदूर थे, हमले में एक स्थानीय डॉक्टर भी मारे गए।