उत्तराखंड के ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन टनल का हिस्सा धंस गया है। 36 मजदूरों के अंदर फंसने की आशंका है। बचाव अभियान चलाया जा रहा है। 

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक निर्माणाधीन टनल का हिस्सा धंस गया है। टनल टूटने से 36 मजदूरों के अंदर फंसने की आशंका है। उन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे को हटाने में जेसीबी की मदद ली जा रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस टनल का निर्माण ब्रह्मखाल-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिल्क्यारा को डंडालगांव से जोड़ने के लिए किया जा रहा है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

सुरंग में 36 लोगों के फंसे होने की आशंका

उत्तरकाशी जिले के डीएम और एसपी मौके पर मौजूद हैं। राहत कार्य के लिए एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। सुरंग के ढहने से 36 लोगों के फंसे होने की आशंका है। एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि टनल के शुरुआती बिंदु से करीब 200 मीटर पहले सुरंग का एक हिस्सा टूट गया है। सुरंग का निर्माण कार्य देख रहे HIDCL के अधिकारियों के अनुसार करीब 36 लोग सुरंग में फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश की जा रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हम जल्द ही सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लेंगे।

एसपी ने कहा, “टनल का करीब 50 मीटर हिस्सा धंस गया है। बचाव अभियान युद्धस्तर पर चल रहा है। अभियान को जल्द ही खत्म कर लिया जाएगा। सभी को सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। एक ऑक्सीजन पाइप अंदर पहुंचा दिया गया है। ऑक्सीजन अंदर है तो बहुत संभावना है कि लोग सुरक्षित होंगे।”

मजदूरों को निकालने में लग सकते हैं 2-3 दिन
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब से उन्हें घटना की जानकारी मिली है वे अधिकारियों के संपर्क में हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान मौके पर हैं। मलबे को काटने के लिए वर्टिकल ड्रिलिंग मशीनों की व्यवस्था की जा रही है। ऑक्सीजन पाइप अंदर भेजे गए हैं। अधिकारियों के मौजूदा अनुमान के मुताबिक मजदूरों को निकालने में 2-3 दिन लग सकते हैं।