IMD Forecast Today: यूपी-बिहार में तापमान धीरे-धीरे नीचे जा रहा है, सुबह हल्का कोहरा और ठंडी हवाएं परेशान करेंगी। हिमाचल–उत्तराखंड के पहाड़ों में ठिठुरन तेज है, जबकि मैदानों में दिन की धूप थोड़ी राहत दे रही है।  

Aaj Ka Mausam: दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है और ठंड अब धीरे-धीरे अपना रंग दिखाने लगी है। उत्तर भारत में ठंड, कोहरा और ठंडी हवाएं लोगों को कंपकंपी महसूस करा रही हैं। दक्षिण भारत में चक्रवात दित्वा कमजोर जरूर हुआ है, लेकिन उसका असर अभी भी कुछ राज्यों में दिख रहा है। आइए जानते हैं, आज 1 दिसंबर को आपके राज्य और शहर में मौसम कैसा रहेगा...

दक्षिण भारत में बारिश की एंट्री

रविवार रात तक चक्रवात दित्वा कमजोर होकर गहरे अवदाब में बदल चुका है। IMD के मुताबिक, यह सिस्टम आज सुबह तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में, तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से करीब 20-25 किमी दूर रहेगा। आज कुड्डालोर, नागपट्टिनम, चेन्नई, तिरुवरूर, पुदुक्कोट्टई, कांचीपुरम, तिरुचिरापल्ली, पुडुचेरी और कराईकल जैसे इलाकों में तेज बारिश, आंधी और झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 60-70 किमी/घंटा तक जा सकती है, कुछ समय के लिए यह 80 किमी/घंटा भी पार कर सकती है। मछुआरों को आज भी समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। बंगाल की खाड़ी, मन्नार की खाड़ी और तमिलनाडु-आंध्र तट के पास समुद्र उग्र रहेगा।

दिल्ली में आज का मौसम

दिल्ली में रविवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड हुआ। अधिकतम तापमान 24.3°C रहा, जो इस बार नवंबर का सबसे कम तापमान रहा। आज भी सुबह ठंड तेज रहेगी, हल्का कोहरा छा सकता है और दिन में धूप से थोड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में मौसम कैसा है आज?

दिसंबर की शुरुआत के साथ यूपी में ठंड अब धीरे-धीरे बढ़ेगी। सुबह और शाम में ठिठुरन महसूस होगी, खासकर गांवों में ठंड ज्यादा देखने को मिल रही है। आज यूपी के कई शहरों जैसे लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर में मौसम साफ रहेगा। सुबह कहीं, कहीं हल्का से मध्यम कोहरा दिख सकता है। दिन में हल्की धूप होगी। IMD के अनुसार, 2-3 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा।पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे अगले 3-4 दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। रातें ज्यादा ठंडी होंगी, और दिन में धूप कमज़ोर रह सकती है।

बिहार में आज का मौसम

बिहार में ठंड धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा, तराई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिलेगा। पछुआ हवा तेज होने से तापमान लगातार गिर रहा है। प्रमुख शहरों के मौसम की बात करें तो पटना में मैक्सिमम तापमान 27.2°C और मिनिमम 16.8°C रह सकता है। गया में 27.6°C और 13.4°C, भागलपुर में 26.8°C और 15.0°C, मुजफ्फरपुर में 25.8°C और 15.7°C रह सकता है। 16 जिलों में न्यूनतम तापमान नीचे गया है, जिससे सुबह-सुबह ठिठुरन बढ़ी है।

हिमाचल और उत्तराखंड में मौसम कैसा है?

ऊंचे पहाड़ी इलाकों में अभी से सर्दी का असली रंग दिखने लगा है। रात के तापमान लगातार गिर रहे हैं और कई जगहों पर पाला जमना शुरू हो गया है। सुबह कोहरा, दिन में हल्की धूप, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।