पीएम नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेल्लारी में कहा कि सूडान में गृहयुद्ध की स्थिति ऐसी है कि बड़े देश भी अपने नागरिकों को निकालने से इनकार कर रहे थे, लेकिन भारत सरकार अपने प्रयासों में लगी हुई थी। हमने ऑपरेशन कावेरी चलाया और अपने लोगों को वापस लेकर आए।

बेल्लारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 (Karnataka Assembly Election 2023) के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उन्होंने बेल्लारी में जनसभा को संबोधित किया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

चुनावी रैली में नरेंद्र मोदी ने सूडान में सेना और अर्धसैनिक बल के बीच चल रही लड़ाई के चलते वहां फंसे करीब चार हजार भारतीयों को निकालने के लिए चलाए गए ऑपरेशन कावेरी का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि सूडान से बड़े देश भी अपने नागरिकों को निकालने से इनकार कर रहे थे, लेकिन भारत सरकार ने ऐसा कर दिखाया।

नरेंद्र मोदी बोले-सूडान में फंस गए थे कर्नाटक के सैकड़ों भाई-बहन
नरेंद्र मोदी ने कहा, "अभी सूडान में गृहयुद्ध की स्थिति है। कहीं से गोली चलती थी कहीं से भी बम फूटता था। घर से बाहर निकलना मुश्किल था। हमारे हजारों भारतीय भाई-बहन सूडान में फंस गए थे। उसमें हमारे कर्नाटक के भी सैकड़ों भाई-बहन थे।"

पीएम बोले- सूडान से भारतीयों को निकालने के लिए हमने लगा दी वायुसेना और नौसेना

पीएम ने कहा, "सूडान की स्थिति ऐसी है कि बड़े-बड़े देशों ने भी अपने नागरिकों को वहां से निकालने से मना कर दिया था। बावजूद इसके भारत सरकार अपनी कोशिशों में लगी हुई थी। हमने पूरी वायुसेना लगा दी, नौसेना को खड़ा कर दिया। हमने मां कावेरी के आशीर्वाद से ऑपरेशन कावेरी चलाया और ऐसी-ऐसी जगहों से भारतीय भाई-बहनों को वापस लाए जहां विमान का उतरना मुश्किल हो रहा था।"

कांग्रेस ने मुश्किल समय में नहीं दिया देश का साथ

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम ने कहा, "यह कठिन काम था। हमारे लोगों की जान खतरे में थी। हम उनको बड़ी मुश्किल से लाए, लेकिन ऐसे मुश्किल समय में कांग्रेस ने देश का साथ नहीं दिया। कांग्रेस ने जानबूझकर सूडान में फंसे भारतीयों को वहां के उपद्रवियों के सामने एक्सपोज कर दिया। कांग्रेस पता नहीं क्या चाहती थी? अगर सूडान में भारतीयों के साथ कोई अनहोनी घटना हो जाए तो कर्नाटक में राजनीति की रोटी सिक जाए। ऐसे गंदे विचार लेकर कोई पार्टी कर्नाटक के नागरिकों को सूडान में संकट में डाल दे। क्या यही है कांग्रेस की देश के लोगों के प्रति संवेदनशिलता?"

यह भी पढ़ें- कर्नाटक चुनाव 2023: नरेंद्र मोदी बोले- कांग्रेस को जय बजरंगबली बोलने पर होने लगी आपत्ति, तुमकुरु में PM का हुआ भव्य स्वागत, देखें वीडियो

मोदी देशवासियों को संकट में देख किसी भी हद से गुजर सकता है

नरेंद्र मोदी ने कहा, “ये राजनीतिक ओछापन दिखाते हुए कांग्रेस भूल गई कि ये मोदी है, ये मोदी अपने देशवासियों को संकट में देख किसी भी हद से गुजर सकता है। ये हमारी सरकार है जो पाकिस्तान के चंगुल से अपने एयरफोर्स के जांबाज अभिनंदन को घंटों में छुड़ाकर लाई थी। हमारी सरकार है जो ईराक में संकट में फंसी नर्सों को सुरक्षित वापस भारत लाई थी। हमारी सरकार ने यमन में फंसे हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाला था। कोरोना महामारी के समय वंदे भारत अभियान चलाकर लाखों भारतीयों की घर वापसी कराई। यूक्रेन युद्ध के समय हजारों छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। संकट के समय राजनीति करने की इस प्रवृत्ति की कांग्रेस को भारी कीमत चुकानी होगी।”